जयपुर। सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने के मामले में जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की ओर से मंगलवार को राजस्थान हाईकोर्ट में पालना रिपोर्ट पेश की गई। मामले की सुनवाई अदालत की नॉन-सिटिंग के चलते अब दो सप्ताह के लिए टल गई है।
JDA की ओर से एडवोकेट अमित कुड़ी और धर्माराम ने शपथ पत्र पेश कर अदालत के आदेश की पालना में की गई कार्रवाई की जानकारी दी। शपथ पत्र में बताया गया कि 5 अक्टूबर 2026 से बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। एक दिन की कार्रवाई के दौरान न्यू सांगानेर रोड के दोनों ओर से अतिक्रमण और विभिन्न बाधाएं हटाई गईं।
JDA के अनुसार, अब तक करीब 700 मीटर हिस्से से अतिक्रमण और बाधाएं हटाई जा चुकी हैं। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों और दुकानदारों की ओर से विरोध भी किया गया। विरोध के चलते कई स्थानों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी, जिसके बीच प्रशासन की ओर से कार्रवाई जारी रखी गई।
JDA ने हाईकोर्ट को बताया कि मामले में अभी 124 आपत्तियां लंबित हैं। इनमें से करीब 100 आपत्तियां नगर निगम के क्षेत्राधिकार से संबंधित हैं। इन आपत्तियों के निस्तारण के साथ-साथ शेष करीब 1.7 किलोमीटर हिस्से से अतिक्रमण हटाने के लिए JDA ने अदालत से चार सप्ताह का समय मांगा है।
यह मामला सुरेश चंद रावत व अन्य की जनहित याचिका से जुड़ा है। याचिका में न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण और सड़क से संबंधित बाधाओं को हटाने की मांग की गई थी। अब मामले की अगली सुनवाई राजस्थान हाईकोर्ट में दो सप्ताह बाद होगी।



