जयपुर। राजधानी जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोडाला तिराहे से गुर्जर की थड़ी तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के लिए सड़क सीमा में आने वाले निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद शुरू की गई है।
न्यू सांगानेर रोड को करीब 160 फीट चौड़ा करने की योजना है। इसके लिए JDA की ओर से सड़क सीमा में आने वाले मकान, दुकान और अन्य निर्माणों का पहले ही सीमांकन किया जा चुका है। प्राधिकरण ने करीब 250 से 260 मकान-दुकान मालिकों को नोटिस जारी किए थे। अब मौके पर निर्माण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई को देखते हुए JDA ने भारी संसाधन मौके पर लगाए हैं। करीब दो दर्जन बुलडोजर और पोकलेन मशीनें तैनात की गई हैं। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और JDA का प्रवर्तन दस्ता भी मौके पर मौजूद है। सड़क चौड़ीकरण के चलते पूरे इलाके में हलचल बढ़ गई है।
दूसरी ओर, JDA की कार्रवाई को लेकर स्थानीय व्यापारियों और प्रभावित लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण जरूरी हो सकता है, लेकिन प्रभावित परिवारों और कारोबारियों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। मुआवजे को लेकर भी उनकी ओर से मांग उठाई जा रही है।
इस मामले में 6 अक्टूबर को JDA की ओर से कोर्ट में पालना रिपोर्ट पेश की जानी है। रिपोर्ट पेश होने से पहले ही सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई जारी है। ऐसे में न्यू सांगानेर रोड पर सड़क चौड़ीकरण और प्रभावित लोगों के लिए उचित मुआवजे का मुद्दा चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
विधायक गोपाल शर्मा ने JDA की कार्रवाई को उचित ठहराते हुए प्रभावित लोगों के लिए न्यायोचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। अब सभी की नजरें कोर्ट में पेश होने वाली पालना रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।



