Monday, July 20, 2026
HomeIndiaजम्मू कश्मीर के पुंछ और राजौरी में बाढ़-भूस्खलन से तबाही का मंजर,...

जम्मू कश्मीर के पुंछ और राजौरी में बाढ़-भूस्खलन से तबाही का मंजर, 11 लोगों की मौत, कई लापता

Jammu Kashmir Flood: जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी में मूसलाधार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही हुई है। अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात लोग लापता हैं। कई मकान ढह गए, सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं और राहत-बचाव कार्य जारी है।

Jammu Kashmir Flood: जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों पुंछ और राजौरी में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 अन्य लापता हैं. प्रभावित इलाकों में सेना, पुलिस, SDRF और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं.

सुरनकोट में सबसे ज्यादा तबाही

अधिकारियों ने बताया कि सबसे अधिक नुकसान पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में हुआ. लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ है. लोअर मुराह गांव में रविवार तड़के भूस्खलन की चपेट में एक मकान आ गया, जिसमें रह रहे 8 लोग मलबे में दब गए. अब तक 2 वर्षीय सोफियान यासिर सहित 5 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

वहीं संगला गांव में अचानक आई बाढ़ में एक ही परिवार के 4 सदस्य बह गए. लापता लोगों में अब्दुल हमीद, उनकी पत्नी शरीफा बेगम, बेटी अरीबा और बहन मनीरा बेगम शामिल हैं. बचाव दल उनकी तलाश में जुटा हुआ है.

कई जगह मकान ढहे, लोगों की मौत

नूनाबंदी गांव में मकान गिरने से 28 वर्षीय नाजिया कौसर की मौत हो गई, जबकि उनके पति और तीन छोटे बच्चों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, संगलानी क्षेत्र में मकान ढहने से 22 वर्षीय शाहजैब अहमद की जान चली गई. मरहोट इलाके में एक नाबालिग लड़की इरम नाले में डूब गई, जबकि धुंधक लाथूंग पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव भी बरामद किया गया. इसके अलावा, पुंछ की हवेली तहसील में करीब 6 मकान ढहने से एक व्यक्ति की मौत और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया.

राजौरी में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त

राजौरी में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से निचले इलाकों में पानी भर गया. एक नदी से महिला का शव बरामद किया गया, जबकि सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. नदियों और नालों के उफान पर आने तथा तटबंध टूटने से कई वाहन बह गए और सरकारी तथा निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा है.

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बीच में छोड़ा दिल्ली दौरा

पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली गए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात बिगड़ने के बाद अपना दौरा बीच में ही समाप्त कर जम्मू लौटने का फैसला किया. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि मौसम विभाग की चेतावनी और जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में गंभीर स्थिति को देखते हुए वह स्वयं मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करेंगे. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि 20 जुलाई को दिल्ली में पूर्ण राज्य के दर्जे की बहाली की मांग को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस का प्रस्तावित प्रदर्शन पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व में तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगा.

उपराज्यपाल ने दिए राहत के निर्देश

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रभावित जिलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 23 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है.

इस बीच, घाटी के अधिकांश हिस्सों में हुई बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है. श्रीनगर में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस वर्ष का सबसे अधिक तापमान था. इसी कारण कश्मीर घाटी में स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां 22 जुलाई तक बढ़ा दी गई हैं.

ये भी पढ़ें: ‘हमले जारी रहे तो ऐसा सबक सिखाएंगे, जिसे कभी भूल नहीं पाओगे’, मोजतबा खामेनेई की ट्रंप को चेतावनी


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image