Jaisalmer Raimala Jungle Fire: राजस्थान के जैसलमेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित रायमाला गांव के जंगल में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. तेज हवाओं के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया.
दमकल और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को अवगत कराया. इसके बाद रामगढ़ क्षेत्र से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. वहीं, जैसलमेर से भी अग्निशमन दल को घटनास्थल पर रवाना किया गया. इसके अलावा, नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) की टीम भी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है.
ग्रामीण भी राहत कार्य में जुटे
स्थानीय ग्रामीण प्रशासन के साथ मिलकर आग को आगे फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं. हालांकि तेज हवाओं के कारण राहत और बचाव कार्य में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रशासन के अनुसार, अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए दमकल और प्रशासन की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: 6 लगातार हार, नंबर-1 रैंकिंग भी गंवाई…कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताई टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी



