Thursday, September 10, 2026
HomeLatest Newsजयपुर जैप्टो डार्क स्टोर पर बड़ी कार्रवाई: 1,550 डेयरी पैकेट और 107...

जयपुर जैप्टो डार्क स्टोर पर बड़ी कार्रवाई: 1,550 डेयरी पैकेट और 107 किलो एक्सपायरी…खराब फूड प्रॉडक्ट किए नष्ट

जयपुर जैप्टो के डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई में 1,550 डेयरी पैकेट और 107 किलो क्षतिग्रस्त व एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट की गई। जानिए पूरी कार्रवाई और जांच की जानकारी।

जयपुर। राजधानी जयपुर में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जगतपुरा स्थित Zepto के एक डार्क स्टोर पर छापेमारी की। रामनगरिया विस्तार के ए-ब्लॉक स्थित मैसर्स जे.डी.एस. मार्केटिंग के वेयरहाउस में औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण और स्वच्छता मानकों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव गायत्री राठौड़ के निर्देशों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वेयरहाउस का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कोल्ड रूम और डीप फ्रीजर में डेयरी उत्पादों के लिए निर्धारित तापमान मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। मौके पर कूलिंग तापमान 6 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। तापमान मानकों में लापरवाही पाए जाने के बाद टीम ने सरस और अमूल के दूध, दही और छाछ के करीब 1,550 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवा दिए। इसके अलावा पीनट बटर और हनी के संदिग्ध सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

क्षतिग्रस्त और एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी मिली

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में करीब 100 किलोग्राम क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री भी मिली। अधिकारियों के अनुसार यह सामग्री बिना ‘NOT FOR SALE’ टैग के रखी हुई थी। खाद्य सुरक्षा टीम ने इसे भी मौके पर नष्ट करवा दिया। इसके अलावा करीब 7 किलोग्राम एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसे बाद में नष्ट कर दिया गया। इस तरह कार्रवाई के दौरान करीब 107 किलोग्राम क्षतिग्रस्त और एक्सपायरी खाद्य सामग्री का निस्तारण किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित फर्म के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद ऑनलाइन ग्रॉसरी स्टोर्स में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित तापमान, स्वच्छता, एक्सपायरी स्टॉक और क्षतिग्रस्त उत्पादों के प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image