Thursday, September 10, 2026
HomeLatest Newsजयपुर सेंट्रल जेल में पूर्व विधायक बलजीत यादव के पास मिला मोबाइल,...

जयपुर सेंट्रल जेल में पूर्व विधायक बलजीत यादव के पास मिला मोबाइल, कंबल में छिपाकर रखा था फोन…FIR दर्ज

जयपुर सेंट्रल जेल में बंद पूर्व विधायक बलजीत यादव के पास मोबाइल फोन मिलने से हड़कंप मच गया। फोन कंबल में छिपाकर रखा गया था। जेल प्रशासन ने लालकोठी थाने में FIR दर्ज कराई है।

जयपुर। जयपुर सेंट्रल जेल में बंद बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव के पास मोबाइल फोन मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल में बुधवार दोपहर चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान वार्ड नंबर-5 में बलजीत यादव के पास एक मोबाइल बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि मोबाइल को जमीन पर बिछाने वाले कंबल के अंदर छिपाकर रखा गया था। मोबाइल बरामद होने के बाद जेल प्रशासन ने उसे जब्त कर लिया और मामले में लालकोठी थाने में FIR दर्ज करवाई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल के अंदर मोबाइल कैसे पहुंचा और बलजीत यादव ने इस फोन से किन-किन लोगों से बातचीत की।

कंबल में छिपा रखा था मोबाइल

एसआई श्याम सुंदर के अनुसार, बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव के खिलाफ जेल में मोबाइल मिलने के मामले में FIR दर्ज की गई है। जयपुर सेंट्रल जेल के प्रहरी विष्णु की ओर से लालकोठी थाने में रिपोर्ट दी गई। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जेल के वार्ड नंबर-5 में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। तलाशी के दौरान वार्ड में बंद विचाराधीन बंदी बलजीत यादव के पास कैचोडा कंपनी का मोबाइल फोन मिला। आरोप है कि मोबाइल को कंबल के अंदर छिपाकर रखा गया था।

किस-किससे बात की, इसकी होगी जांच

जेल प्रशासन के मुताबिक, मोबाइल को जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया है। अब पुलिस यह जांच करेगी कि बलजीत यादव को मोबाइल किसने उपलब्ध कराया और जेल में रहते हुए उन्होंने किन लोगों से फोन पर संपर्क किया। पुलिस द्वारा मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी निकलवाई जा सकती है। इसके जरिए जेल में रहते हुए किए गए फोन कॉल और संपर्कों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया की जाएगी।

जयपुर सेंट्रल जेल में लगातार सर्च ऑपरेशन

जयपुर सेंट्रल जेल में मोबाइल फोन मिलने के मामलों को लेकर लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जेल प्रशासन ने दो दिन पहले भी कार्रवाई करते हुए 13 मोबाइल फोन बरामद किए थे और संबंधित बंदियों के खिलाफ मामले दर्ज करवाए थे। इसके अलावा गुरुवार को हुए सर्च ऑपरेशन में भी 8 बंदियों के पास से मोबाइल फोन बरामद होने की जानकारी सामने आई है। जेल प्रशासन की ओर से इन बंदियों के खिलाफ भी लालकोठी थाने में नामजद FIR दर्ज करवाने की प्रक्रिया की जा रही है। मोबाइल फोन की बरामदगी के बाद अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित रहेगी कि जेल के भीतर फोन किस माध्यम से पहुंचा और इसका इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क करने के लिए किया गया।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image