जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर इंडिगो की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान पायलट ने गो-अराउंड का फैसला लिया। उदयपुर से जयपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-7516 लैंडिंग के लिए अप्रोच करने के बाद रनवे को टचडाउन कर चुकी थी, लेकिन इसके बाद पायलट ने विमान को दोबारा हवा में उठा लिया। विमान में उस समय 39 यात्री और 4 क्रू मेंबर समेत कुल 43 लोग सवार थे। गो-अराउंड के बाद विमान ने करीब 20 मिनट तक अतिरिक्त राउंड पूरा किया और दोपहर 1 बजकर 2 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
रनवे छूने के बाद दोबारा टेकऑफ
जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6E-7516 उदयपुर से रवाना होकर दोपहर करीब 12:50 बजे जयपुर पहुंचती है। गुरुवार को विमान ने करीब 12:42 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए अप्रोच किया। विमान रनवे पर टचडाउन कर चुका था, लेकिन इसी दौरान पायलट ने लैंडिंग को अबॉर्ट करते हुए विमान को फिर से टेकऑफ करा दिया। इसके बाद विमान ने करीब 20 मिनट तक अतिरिक्त राउंड पूरा किया। विमान के दोबारा हवा में जाने के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर संबंधित टीमें अलर्ट रहीं और स्थिति पर नजर रखी गई। अतिरिक्त राउंड पूरा करने के बाद पायलट ने फिर से लैंडिंग के लिए अप्रोच किया और दोपहर 1:02 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई।
क्या होता है Go-Around?
एविएशन में गो-अराउंड एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है। यदि लैंडिंग के दौरान पायलट को लगता है कि विमान का अप्रोच निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है या किसी कारण से उस समय सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो पायलट लैंडिंग को रोककर विमान को दोबारा हवा में ले जा सकता है। इसके बाद परिस्थितियां अनुकूल होने पर विमान को दोबारा लैंडिंग के लिए लाया जाता है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य किसी भी संभावित जोखिम की स्थिति में सुरक्षित तरीके से लैंडिंग सुनिश्चित करना होता है।
गो-अराउंड की वजह अभी स्पष्ट नहीं
इस मामले में प्रारंभिक तौर पर अनस्टेबल अप्रोच या किसी अन्य ऑपरेशनल कारण की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, गो-अराउंड लेने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। महत्वपूर्ण बात यह रही कि अतिरिक्त राउंड पूरा करने के बाद विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और विमान में सवार सभी 43 लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।



