Thursday, September 10, 2026
HomeLatest Newsजयपुर सेंट्रल पार्क से चार्टर्ड अकाउंटेंट का किडनैप: मर्सिडीज में पिस्टल-चाकू लेकर...

जयपुर सेंट्रल पार्क से चार्टर्ड अकाउंटेंट का किडनैप: मर्सिडीज में पिस्टल-चाकू लेकर घुसे बदमाश…कार पलटी तो भागे आरोपी

जयपुर के सेंट्रल पार्क में 50 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता के अपहरण का मामला सामने आया है। दो बदमाश पिस्टल-चाकू लेकर मर्सिडीज में घुसे, किडनैपर उन्हें आमेर थाना क्षेत्र की ओर ले गए। चलती कार का गेट खोलकर मदद मांगने पर कार पलट गई और आरोपी फरार हो गए।

जयपुर। जयपुर के सेंट्रल पार्क की पार्किंग में मॉर्निंग वॉक के बाद घर लौट रहे 50 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो बदमाश पिस्टल और चाकू लेकर उनकी मर्सिडीज कार में घुस गए और उन्हें जबरन अपने साथ ले गए। बदमाश कार को आमेर थाना क्षेत्र की ओर ले जा रहे थे। रास्ते में राजीव गुप्ता ने चलती कार का गेट खोलकर मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान कार चला रहे बदमाश का ध्यान भटक गया और कार आगे चल रही बाइक से टकराकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी कार से निकलकर मौके से फरार हो गए। राजीव गुप्ता की शिकायत पर अशोक नगर थाने में किडनैपिंग की FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पिस्टल और चाकू लेकर कार में घुसे बदमाश

राजीव गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना सुबह करीब 6:30 बजे सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं। गुरुवार सुबह करीब एक घंटे बाद वह पार्क के गेट नंबर-4 से निकलकर अपनी कार में बैठने जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने कार का गेट खोला, एक बदमाश पिस्टल लेकर पीछे की सीट पर बैठ गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, दूसरे बदमाश ने उन्हें ड्राइविंग सीट से धक्का देकर हटाया और चाकू लेकर खुद कार चलाने लगा।

हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

आरोपियों ने कार को शहर से होते हुए आमेर और दिल्ली रोड की तरफ दौड़ाया। राजीव गुप्ता के मुताबिक, दोनों बदमाशों ने उन्हें हथियार दिखाकर धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। गुप्ता ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच थी। पीछे बैठा बदमाश लगातार उन पर पिस्टल ताने हुए था।

चलती कार का गेट खोलकर मांगी मदद, फिर पलटी कार

राजीव गुप्ता ने बताया कि करीब 15 किलोमीटर दूर पीली की तलाई इलाके के पास उन्होंने हिम्मत जुटाकर चलती कार का गेट खोल दिया और पैर बाहर लटकाकर मदद के लिए चिल्लाने लगे। इस दौरान कार चला रहे आरोपी का ध्यान भटक गया। मर्सिडीज आगे चल रही बाइक से टकरा गई। तेज रफ्तार के कारण कार सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी कार की खिड़की से बाहर निकले और मौके से फरार हो गए।

पुलिस को रेकी की आशंका

पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने राजीव गुप्ता की पहले से रेकी की हो सकती है। गुप्ता के अनुसार वह रोजाना लगभग एक ही समय पर सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं और करीब 7:30 बजे गेट नंबर-4 से बाहर निकलते हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने कई दिनों तक उनकी गतिविधियों पर नजर रखी थी और मौका देखकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।

आमेर पुलिस पहुंची मौके पर, अशोक नगर में दर्ज हुई FIR

कार पलटने की सूचना मिलने के बाद आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां राजीव गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों को अपने अपहरण की कोशिश के बारे में जानकारी दी। इसके बाद आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस के अनुसार, घटना का शुरुआती हिस्सा अशोक नगर थाना क्षेत्र में होने के कारण राजीव गुप्ता को अशोक नगर थाने में FIR दर्ज कराने के लिए भेजा गया। मामले में पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

जिस गेट से अपहरण की कोशिश, वहां CCTV खराब

राजीव गुप्ता की शिकायत के अनुसार अपहरण की कोशिश सेंट्रल पार्क के गेट नंबर-4 के पास हुई। इसी क्षेत्र में लगे CCTV कैमरे लंबे समय से खराब बताए जा रहे हैं। सेंट्रल पार्क के आसपास सचिवालय और हाईकोर्ट जैसे महत्वपूर्ण स्थान भी हैं और यहां कई बार वीवीआईपी गतिविधियां होती रहती हैं। ऐसे में पार्क की सुरक्षा और CCTV व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image