Jaipur NSUI Protest: राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और दिल्ली में NEET पेपर लीक को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर एनएसयूआई के तीन नेता जयपुर में एक ऊंची पानी की टंकी पर धरना दे रहे हैं. प्रदर्शनकारी 28 घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं हैं.
वहीं संगठन ने घोषणा की है कि राज्य सरकार की ओर से बातचीत शुरू नहीं होने पर तीनों प्रदर्शनकारी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे. प्रदर्शनकारी विजयपाल, वियोना जाट और कौशेन खान गुरुवार सुबह गांधीनगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में टोंक फाटक पुल के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए थे. तब से वे वहीं डटे हुए हैं.
वार्ता नहीं होने पर भूख हड़ताल
एनएसयूआई के प्रवक्ता रमेश भाटी ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई औपचारिक वार्ता शुरू नहीं की गई है. ऐसे में तीनों छात्र नेता अपनी मांगों के समर्थन में टंकी पर ही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे. एनएसयूआई का कहना है कि प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव कई वर्षों से स्थगित हैं और उन्हें जल्द बहाल किया जाना चाहिए.
प्रशासन की समझाइश जारी
जिला प्रशासन और पुलिस ने फोन के माध्यम से कई बार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन तीनों नेताओं ने टंकी से उतरने से इनकार कर दिया. एहतियात के तौर पर पानी की टंकी के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है. मौके पर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद हैं.
छात्र नेताओं ने अपनी मांगों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान युवाओं पर हुए पुलिस कार्रवाई का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने इस घटना के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र के भिवंडी में 4 मंजिला इमारत ढहने से 9 लोगों की मौत, 4-5 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका



