Friday, July 31, 2026
HomeLatest Newsरहाणे के संन्यास से भावुक हुआ क्रिकेट जगत, रोहित बोले- पेशेवरपन मिसाल,...

रहाणे के संन्यास से भावुक हुआ क्रिकेट जगत, रोहित बोले- पेशेवरपन मिसाल, शुभमन गिल ने बताया भारतीय क्रिकेट का आदर्श

अजिंक्य रहाणे के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने पर रोहित शर्मा, शुभमन गिल, रवि शास्त्री, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव और युवराज सिंह ने........

Ajinkya Rahane Retirement : मुंबई। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अजिंक्य रहाणे के संन्यास पर उनकी प्रतिबद्धता और पेशेवर रवैये की सराहना की। वहीं, मौजूदा कप्तान शुभमन गिल ने रहाणे को आदर्श खिलाड़ी बताते हुए कहा कि कठिन दौर में उनके नेतृत्व और योगदान ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। रहाणे ने 12 साल तक चले अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को बृहस्पतिवार को अलविदा कह दिया। इस 38 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने करियर में 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।

रोहित-गिल समेत कई दिग्गजों ने दी रहाणे को विदाई

रोहित ने एक्स पर लिखा, हमने कई वर्षों तक ड्रेसिंग रूम साझा किया है और मैं जानता हूं कि आपने जो कुछ भी हासिल किया है, उसमें कितनी मेहनत लगी है। आपकी प्रतिबद्धता और पेशेवरपन आपको हमेशा से दूसरों से अलग बनाता आया है। शानदार करियर के लिए बधाई। ढेर सारी शुभकामनाएं। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल ने कहा कि रहाणे ने सबसे मुश्किल समय में राष्ट्रीय टीम की अगुवाई की।

गिल ने लिखा, क्या शानदार करियर था, क्या शानदार आदर्श स्थापित किए। अज्जू भाई ने भारतीय क्रिकेट के कुछ सबसे कठिन दौर में हमारा नेतृत्व किया और हमें विश्वास दिलाया कि कुछ भी संभव है। मैदान पर और मैदान के बाहर की यादों और सीख के लिए आपका आभार। अगली पारी के लिए शुभकामनाएं। रहाणे ने 2020-2021 में कई प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में टीम की अगुवाई करते हुए भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। इस दौर में भारत के मुख्य कोच रहे रवि शास्त्री ने कहा कि रहाणे ने भारत और मुंबई क्रिकेट की उत्कृष्ट सेवा की।

शास्त्री ने कहा, भारत के सबसे समर्पित क्रिकेटरों में से एक, जो मेरे कोच रहते हुए टीम के अभिन्न अंग थे और जिन्होंने मुंबई और भारतीय क्रिकेट के लिए उत्कृष्ट सेवाएं दीं। शाबाश जिंक्स (रहाणे का उपनाम)। राष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने के बाद घरेलू क्रिकेट में मुंबई की कप्तानी करने वाले रहाणे की अगुवाई में उनकी टीम ने 2023-2024 में रणजी ट्रॉफी में रिकॉर्ड 42वीं बार खिताब जीता था।

ऋषभ पंत ने लिखा, आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करके अच्छा लगा, अज्जू भाई। हर परिस्थिति में शांत, हर भूमिका में निस्वार्थ और अनुकरणीय कप्तान। भारतीय क्रिकेट के लिए आपने जो कुछ भी किया है, उसके लिए आभार। भविष्य के लिए आपको हार्दिक शुभकामनाएं। रहाणे के मुंबई के साथी खिलाड़ी और भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उनके शांत स्वभाव और दृढ़ता ने कई क्रिकेटरों को प्रेरित किया।

सूर्यकुमार ने लिखा, अज्जू दा, आपके शानदार करियर के लिए बधाई। आपके साथ मैदान और ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। खेल के प्रति आपके शांत स्वभाव, दृढ़ता और समर्पण ने हममें से कई लोगों को प्रेरित किया है। दूसरी पारी के लिए आपको और आपके परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है कि यह नई पारी आपको पिछली पारी की तरह ही आनंद और सफलता दिलाएगी।

भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कहा कि रहाणे इस पीढ़ी के उन बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक थे जिन्होंने देश का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा, जिंक्स को उनके शानदार करियर के लिए बहुत-बहुत बधाई। इस पीढ़ी के उन बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक जिन्होंने देश का प्रतिनिधित्व सभी प्रारूपों में किया और कुछ सबसे प्रतिष्ठित मैचों में टीम का सफलतापूर्वक नेतृत्व भी किया। भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। शाकालका बेबी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image