Friday, July 31, 2026
HomeLatest NewsOm Banna Temple : ओम बन्ना मंदिर विस्तार के लिए भूमि आवंटित,...

Om Banna Temple : ओम बन्ना मंदिर विस्तार के लिए भूमि आवंटित, CM भजनलाल शर्मा बोले- धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ओम बन्ना मंदिर के विस्तार के लिए भूमि आवंटन को श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सरकार ‘विकास भी-विरासत भी’ के मंत्र के साथ आस्था स्थलों, विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास को प्राथमिकता दे रही है।

Om Banna Temple: जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान शौर्य और पराक्रम की भूमि होने के साथ ही आस्था और विश्वास की पावन धरती है। यहां पग-पग पर आस्था धाम हैं तथा कई महापुरुषों ने अपने अलौकिक चमत्कारों से लोकहितकारी कार्य किए हैं। ओम बन्ना के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है। वे उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से रक्षा करने तथा मनोकामनाओं को पूर्ण करने के लिए श्रद्धापूर्वक पूजते हैं।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को ओम बन्ना मंदिर के लिए भूमि आवंटन के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित आभार समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पाली जिले के चोटीला में ओम बन्ना मंदिर के विस्तार और सुव्यवस्थित विकास के लिए हमारी सरकार द्वारा भूमि आवंटित की गई है। इससे मंदिर परिसर का अच्छा विकास होगा और धार्मिक पर्यटन को भी गति मिलेगी।

‘विकास भी-विरासत भी’ के साथ समग्र विकास

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकास भी-विरासत भी’ के मंत्र को आत्मसात कर प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। हमने ढाई वर्ष में विरासत स्थलों और आस्था धामों के विकास के लिए अनेक कदम उठाए हैं। राजस्थान में पृथ्वीराज चैहान, मीरा बाई, राणा सांगा, हाड़ी रानी और वीर शिरोमणि राव चंद्रसेन जैसे अनेक पैनोरमाओं का निर्माण कार्य करवाया है।

शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों का होगा संरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट में धार्मिक पर्यटन को नई गति देने के लिए भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। पुष्कर, खाटूश्यामजी, नाथद्वारा, केशोरायपाटन, डीग और चित्तौड़गढ़ जैसे धार्मिक शहरों में हेरिटेज वॉक वे का निर्माण करवाएंगे। इसी प्रकार, किराडू के मंदिर समूह के संरक्षण एवं जीर्णाेद्धार के कार्य होंगे। शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण के लिए भी काम किया जा रहा है।

वरिष्ठ नागरिक करेंगे हवाई जहाज और एसी ट्रेन से तीर्थयात्रा

उन्होंने कहा कि पाली के करूणामूर्ति धाम, ब्यावर के मकरमंडी माताजी मंदिर में विकास कार्य कराए जाएंगे। वहीं, राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत 1 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा करवा चुकी है। इस वर्ष भी हजारों वरिष्ठजनों को हवाई मार्ग से नेपाल के पशुपतिनाथ और एसी ट्रेन से विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी।

धर्मशालाओं के निर्माण एवं संचालन के लिए बनेगी नई नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवस्थान विभाग की धर्मशालाओं की मरम्मत एवं जीर्णाेद्धार के कार्य किए जाएंगे। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवस्थान विभाग के अधीन खाली भूमि पर धर्मशालाओं के निर्माण एवं संचालन के लिए नई नीति बनाई जाएगी। इसी प्रकार, दीपावली, होली, शिवरात्रि, रामनवमी, गुरु पूर्णिमा जैसे त्योहारों पर मंदिरों में विशेष साज-सज्जा व आरती के कार्यक्रम आयोजित होंगेे।

उन्होंने कहा कि जहां आस्था का सम्मान होता है, वहां संस्कृति सशक्त होती है, समाज संगठित होता है और विकास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सहेजते हुए विकसित, समृद्ध और गौरवशाली राजस्थान बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए पानी एवं बिजली के क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं को धरातल पर उतार रही है, जिससे इनकी पर्याप्त उपलब्धता बढ़ रही है। मजबूत फैसलों से पेपरलीक पर लगाम लगाई है तथा युवाओं के लिए रिकाॅर्ड भर्तियों से लेकर स्वरोजगार के समुचित अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। किसानों और पशुपालकों के कल्याण के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इस अवसर पर विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत सहित ओम बन्ना मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, मारवाड़ राजपूत सभा के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image