Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. जहां चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर जाने से 9 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों के अनुसार, 4 से 5 लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है और उन्हें निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है.

48 कमरों वाली थी इमारत
रेसिडेंट डिप्टी कलेक्टर (आरडीसी)संदीप माने ने बताया कि हादसा भिवंडी में बालाजी नगर स्थित कोहिनूर बिल्डिंग की ‘बी’ विंग में हुआ. हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि 4 से 5 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है और उन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है. हादसे में एक नाबालिग घायल हुआ, जिसे मलबे से सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. नगरपालिका अधिकारियों के मुताबिक, इमारत में कुल 48 कमरे थे और प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे.
पहले ही घोषित हो चुकी थी खतरनाक
नगर निगम ने इस इमारत को पहले ही खतरनाक (डेंजरस) घोषित कर दिया था. हादसे के समय भवन में मरम्मत का कार्य चल रहा था. एक अधिकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने इमारत से तेज दरार पड़ने जैसी आवाजें सुनीं. खतरे का अंदेशा होने पर आसपास के लोगों ने कई परिवारों को समय रहते बाहर निकालने में मदद की. हालांकि, जब कुछ निवासी इमारत से बाहर निकल रहे थे, तभी उसकी ‘बी’ विंग अचानक ढह गई.

युद्धस्तर पर बचाव अभियान
घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ठाणे आपदा मोचन बल, स्थानीय अग्निशमन विभाग और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. मौके पर श्वान दस्ता, चार दमकल वाहन, दो एंबुलेंस और मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें तैनात की गई हैं. बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार जुटे हुए हैं.
मानसून में बढ़े हादसे
अधिकारियों के अनुसार, इस मानसून सीजन में ठाणे जिले में बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में अब तक कम से कम 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं. भिवंडी की यह दुर्घटना भी इन्हीं घटनाओं में शामिल है. प्रशासन ने कहा है कि राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी.
ये भी पढ़ें: राजस्थान में UCC को लेकर कवायद तेज, मुख्य सचिव ने दिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश



