Friday, July 31, 2026
HomeNational Newsराज्यपाल हरिभाऊ बागडे का बड़ा बयान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नशामुक्त राजस्थान पर...

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे का बड़ा बयान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नशामुक्त राजस्थान पर दिया जोर

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने गोविन्द गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय के नए अकादमिक भवन, कुलगुरु आवास और स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का ऑनलाइन अनावरण किया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जनजातीय उच्च शिक्षा नामांकन, चरित्र निर्माण, नशामुक्त एवं टीबी मुक्त बांसवाड़ा अभियान, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

Rajasthan Governor Haribhau Bagde : जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार को गोविन्द गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा में नवनिर्मित अकादमिक भवन, कुलगुरु आवास और स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का लोकभवन से ऑनलाइन अनावरण किया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जनजातीय विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा नामांकन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शोध संस्कृति और नशामुक्त राजस्थान के संकल्प पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा जितनी गुणवत्तापूर्ण और समयानुरूप होगी, उतनी ही वह जीवन के लिए अधिक उपयोगी और सार्थक होगी। उन्होंने जनजातीय क्षेत्र में उच्च शिक्षा नामांकन के लिए भी अधिकाधिक प्रयास किए जाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताते हुए कहा कि उनका शिक्षा दर्शन विद्यार्थी के चरित्र निर्माण, आत्म-विश्वास और सर्वांगीण विकास से जुड़ा है। उन्होंने विश्वविद्यालयों में विद्यार्थी की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के लिए भी निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राजस्थान को नशामुक्त करने में स्थानीय लोगों से चर्चा कर निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने टीबी मुक्त और नशामुक्त बांसवाड़ा अभियान चलाए जाने पर भी जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि आदिवासी जल, जंगल और जमीन के सच्चे प्रहरी होते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा जनजातीय जल और प्रकृति संरक्षण परंपराओं के आलोक में अधिकाधिक शोध और अनुसन्धान किए जाने की आवश्यकता जताई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें ’लोकल से ग्लोबल’ और ’आत्मनिर्भर भारत’ के अंतर्गत स्थानीय संसाधनों से विकसित तकनीक का आधुनिकीकरण करने पर जोर दिया गया है। उन्होंने आचार्यों का आह्वान किया कि वे ऐसी विद्या का प्रसार करे जिससे विद्यार्थी अपने आपको पहचान सके और अपने पैरों पर खड़ा होने की क्षमता अपने अंदर विकसित कर सके।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े और इस अवसर पर नव निर्मित भवनों और स्वामी विवेकानंद प्रतिमा के अनावरण की शुभकामनाएं दी। इससे पहले कुलगुरु ने विश्वविद्यालय गतिविधियों के बारे में अवगत कराया।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image