जयपुर। जयपुर-दिल्ली हाईवे स्थित निम्स हॉस्पिटल में शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। कई परिजन मरीजों को वार्ड से बाहर लेकर खुले में पहुंच गए। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। मामला चंदवाजी इलाके का है।
OT और MICU एरिया में भर गया धुआं
पुलिस के मुताबिक, निम्स हॉस्पिटल एवं मेडिकल कॉलेज के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित ऑपरेशन थिएटर की छत की फॉल्स सीलिंग में आग की लपटें दिखाई दीं। देखते ही देखते ऑपरेशन थिएटर और MICU एरिया में धुआं भर गया। आग का पता चलते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस और अस्पताल प्रबंधन की मदद से मरीजों को वार्ड से बाहर निकाला गया। कई मरीजों को उनके परिजन खुद ही बाहर लेकर पहुंचे।
गंभीर मरीजों को भी बाहर निकालना पड़ा
आग के दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। गंभीर मरीजों को भी सुरक्षा के लिहाज से अस्पताल भवन से बाहर लाया गया। परिजनों को मरीजों के साथ अस्पताल परिसर में खुले स्थान पर रात गुजारनी पड़ी। परिजनों का आरोप है कि आग लगने के बाद राहत और बचाव के इंतजाम तत्काल प्रभावी तरीके से नहीं हो सके, जिसके कारण मरीजों और उनके साथ आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। आग से अस्पताल के किस हिस्से में कितना नुकसान हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। आग की घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्राथमिकता मरीजों की सुरक्षा और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने की रही।



