जयपुर। जयपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए आज चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी। बीजेपी की उम्मीदवार सरोज कंवर और कांग्रेस पार्टी के डिप्टी मेयर उम्मीदवार सलमान मंसूरी नगर निगम मुख्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। सरोज जहां पहली बार पार्षद का चुनाव लड़कर जीती है। वहीं सलमान दूसरी बार के पार्षद हैं लेकिन संख्या बल के मामले में सरोज मजबूत नजर आ रही है। लेकिन पार्टी में उनको लेकर विरोध शुरू हो गया है। ऐसे में आज नगर निगम में डिप्टी मेयर का चुनाव रोचक रूप ले सकता है।
कांग्रेस ने सलमान मंसूरी को बनाया उम्मीदवार
कांग्रेस ने डिप्टी मेयर चुनाव के लिए सलमान मंसूरी के नाम पर फैसला किया है। वह हवा महल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 137 से पार्षद हैं और दूसरी बार पार्षद चुने गए हैं। इससे पहले उनकी बहन भी पार्षद रह चुकी हैं। मेयर पद के चुनाव में शुक्रवार को बीजेपी के सुनील कोठारी ने कांग्रेस की प्रत्याशी सुनीता मावर को 29 वोट से हराया था। अब डिप्टी मेयर चुनाव के साथ जयपुर नगर निगम में नई सत्ता की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।
निर्दलीय पार्षदों पर भी नजर
डिप्टी मेयर चुनाव से पहले बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने पार्षदों से संपर्क बनाए रखा है। मेयर चुनाव से पहले दोनों दलों ने पार्षदों की बाड़ेबंदी भी की थी। निर्दलीय पार्षदों को लेकर भी दोनों खेमों में बातचीत का दौर चला है। बीजेपी की ओर से निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा किया गया है, हालांकि वास्तविक स्थिति मतदान और मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगी।
10 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया, शाम तक आएगा परिणाम
डिप्टी मेयर चुनाव की पूरी प्रक्रिया करीब सात घंटे तक चलेगी। सुबह 10 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यदि मुकाबला रहता है तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर जयपुर नगर निगम के नए डिप्टी मेयर के नाम की घोषणा की जाएगी।



