राजस्थान की राजधानी जयपुर से नाबालिग के अपहरण और यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने दोस्ती का फायदा उठाकर 17 वर्षीय नाबालिग को मिलने के बहाने बुलाया और उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे करीब डेढ़ महीने तक बंधक बनाकर रखा और उसका यौन शोषण किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस को नाबालिग के मध्य प्रदेश में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने वहां पहुंचकर पीड़िता को बरामद कर लिया।
पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सोमवार शाम आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



