जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आर्य मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की ओर से विद्याधर नगर स्टेडियम में ‘ग्रीन एंड क्लीन मैराथन’ का भव्य आयोजन किया गया. मैराथन में करीब 1000 धावकों ने भाग लिया. प्रतिभागियों में युवा, महिलाएं, छात्र और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल रहे. कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरुक किया गया.
DGP राजीव शर्मा ने मैराथन को दिखाई हरी झंडी
मैराथन को राजस्थान पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया. इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया.
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रतिभागियों को मिला पुरस्कार
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावक को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 21 हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया. वहीं चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 5100-5100 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया.
‘पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी’
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने स्वच्छ एवं हरित भारत की अवधारणा पर अपने विचार व्यक्त किए. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है.
विभिन्न संस्थानों ने आयोजन में निभाई सक्रिय भागीदारी
इस आयोजन में कई सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संस्थाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई. इनमें जय जवान समिति, महाराजा सूरजमल फाउंडेशन, आर्य मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, इंटरनेशनल राजपूत पार्लियामेंट, गुरुकुलम स्कूल और फिजिक्स वाला सहित विभिन्न संस्थाएं शामिल रहीं.
कार्यक्रम में चौधरी ओंकार सिंह, संदीप बसेरा, डॉ. निखिल बंसल, शिवराज सिंह शक्तावत, जगत सिंह परमार, रिशांत सिंह, डॉ. रूपक सिंह, डॉ. मनोज लंबा, सुरेंद्र शर्मा, शैलेंद्र शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह, अंकुश नरवाल, दीपक नटवाड़िया, अरविंद जाजड़ा, सुजाता मीना, मधु राठौड़, जीवंत कंवर, सीमा चौहान, डॉ. सुचेता सिंह, विकास शर्मा, सुमित धनखड़ और राजेश नूनिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे.



