Friday, October 16, 2026
HomeLatest Newsजयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 520 किलो पनीर नष्ट;...

जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 520 किलो पनीर नष्ट; दीपावली से पहले मिलावट के खिलाफ अभियान तेज

दीपावली से पहले जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई। शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत 520 किलो पनीर नष्ट, डेयरी, मिठाई, ब्रेड और ड्राई फ्रूट्स के नमूने जांच के लिए लिए गए।

जयपुर। दीपावली से पहले जयपुर में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत विभाग की टीमों ने डेयरी, मिठाई, ड्राई फ्रूट्स, ब्रेड और नमकीन बनाने वाली इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजापार्क स्थित हरियाणा डेयरी के दो प्रतिष्ठानों और विवेकानंद कॉलोनी के गोदाम की जांच में 520 किलो पनीर मौके पर नष्ट करवाया गया। पनीर के दो नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

गोदाम में नहीं मिला खाद्य लाइसेंस

खाद्य सुरक्षा विभाग के केंद्रीय दल ने राजापार्क स्थित हरियाणा डेयरी के प्रतिष्ठानों और विवेकानंद कॉलोनी स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। गोदाम में खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग पनीर की आपूर्ति से संबंधित बिलों और दस्तावेजों की भी जांच करेगा, ताकि सप्लाई से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।विभाग के अनुसार, पनीर की आपूर्ति से संबंधित जानकारी में ग्रैंड उनियारा होटल, नीरोस रेस्टोरेंट, लेमन ट्री प्रीमियर बनीपार्क, लॉर्ड्स इन जयपुर, द फर्न रेजिडेंसी, श्री भोग, ला पिनोज पिज्जा और अन्य प्रतिष्ठानों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, इन प्रतिष्ठानों के नाम सामने आने मात्र से उनके खिलाफ मिलावट की पुष्टि नहीं होती।

खाद्य इकाइयों में मिलीं खामियां

जयपुर द्वितीय की टीम ने बसी के हीरावाला औद्योगिक क्षेत्र स्थित त्रिशूल एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई की कमी मिली। खाद्य कर्मचारी कैप और एप्रन का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच भी नहीं करवाई गई थी। टीम ने यहां से मिश्री का नमूना लिया और कमियां दूर करने के निर्देश दिए।इसके अलावा रामेश्वर बूरा उद्योग से मिश्री, सीतापुरा स्थित तुलसी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से व्हाइट ब्रेड और बॉम्बे पाव ब्रेड तथा हीरावाला स्थित के.सी. एंड ब्रदर्स से नमकीन भुजिया और रिफाइंड पामोलीन तेल के नमूने लिए गए।

ड्राई फ्रूट्स और मिठाइयों के भी सैंपल लिए

जयपुर प्रथम की टीम ने झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित रॉ लॉ ड्राई फ्रूट्स का निरीक्षण किया। यहां कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई। प्रतिष्ठान से डिहाइड्रेटेड ड्राई फ्रूट्स, नारियल पाउडर, बादाम और पिस्ता के नमूने लिए गए।वहीं, वैशाली नगर स्थित बालाजी दूध पनीर भंडार से दूध, मिल्क केक और पनीर तथा मोती डूंगरी रोड स्थित बालाजी मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया गया।

पहले भी मानकों पर खरे नहीं उतरे थे पनीर के नमूने

विभाग के मुताबिक, इससे पहले ‘मलाईको’ ब्रांड के पनीर का नमूना लेमन ट्री होटल और ‘मक्खन’ ब्रांड के पनीर का नमूना गीतांजलि अस्पताल की कैंटीन से लिया गया था। प्रयोगशाला जांच में दोनों नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए थे।

दीपावली तक जारी रहेगा जांच अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण के दौरान साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने और सुरक्षित पानी का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वैध खाद्य लाइसेंस रखने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने को कहा गया है।विभाग के अनुसार, जांच के लिए लिए गए सभी नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी। दीपावली के दौरान मिलावट पर रोक लगाने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image