नई दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वह शुक्रवार को सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने के लिए जा रहे थे। पिछले छह दिनों में यह दूसरी बार है, जब दीपके को हिरासत में लिया गया है। इससे पहले 10 अक्टूबर को भी उन्हें हिरासत में लिया गया था और अगले दिन छोड़ दिया गया था।
सेंट्रल पार्क के पास जुटे CJP समर्थक
रिपोर्ट के मुताबिक, दीपके के हिरासत में लिए जाने के दौरान दिल्ली के सेंट्रल पार्क के पास CJP समर्थक जुटने लगे। कुछ समर्थकों के गाड़ी पर चढ़कर तिरंगा फहराने की जानकारी भी सामने आई है। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 3 के पास भी सुरक्षा बढ़ाई गई।
प्रदर्शन नहीं करने का नोटिस दिया गया था
दिल्ली पुलिस इससे पहले झंडेवालान स्थित उस बंगले पर पहुंची थी, जहां अभिजीत दीपके ठहरे हुए थे। पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन नहीं करने का नोटिस दिया था। इस दौरान दीपके और पुलिस के बीच बहस भी हुई।
दीपके ने पुलिस से कहा कि उनका कार्यक्रम कोई रैली या प्रदर्शन नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अपने ही देश में तिरंगा फहराने से रोका जा रहा है।
नई दिल्ली जिले में धारा 163 लागू
रिपोर्ट के अनुसार, नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। इसके तहत प्रशासन की ओर से जारी प्रतिबंधों के अनुसार, कुछ परिस्थितियों में चार या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाई जा सकती है।
फिलहाल, अभिजीत दीपके को हिरासत में लेने के संबंध में पुलिस की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आने का इंतजार है।



