जयपुर। फकीरों की डूंगरी इलाके में शनिवार दोपहर रजाइयों के गोदाम में अचानक आग लग गई। तीन मंजिला भवन की सबसे ऊपरी मंजिल पर रखे रूई के स्टॉक ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। आग की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई भी कुछ समय के लिए बंद कराई गई।
रूई के स्टॉक में चिंगारी से भड़की आग
ब्रह्मपुरी थाना एसएचओ ब्रजमोहन कविया के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। गोदाम की ऊपरी मंजिल पर बड़ी मात्रा में रूई का स्टॉक रखा था। चिंगारी के संपर्क में आते ही रूई ने आग पकड़ ली और आग तेजी से फैल गई।
धुआं देखकर घरों से बाहर निकले लोग
आग की लपटें और धुआं तीन मंजिला भवन की ऊपरी मंजिल से काफी दूर तक दिखाई दे रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के घरों में रहने वाले लोग बाहर निकलकर गली में जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों को सुरक्षित रखा।
कोई जनहानि नहीं
दमकल की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है।



