Saturday, October 31, 2026
HomeCrime NewsJaipur Crime News: ATM में सेंध लगाने की कोशिश नाकाम, औजारों से...

Jaipur Crime News: ATM में सेंध लगाने की कोशिश नाकाम, औजारों से सेफ कवर तोड़ा, CCTV में कैद हुई वारदात

Jaipur News: जयपुर के सदर थाना क्षेत्र में एटीएम में सेंध लगाने की कोशिश नाकाम हो गई। सिविल लाइंस स्थित ऑर्बिट मॉल में लगे केनरा बैंक के एटीएम बूथ में एक बदमाश ने औजारों से मशीन का सेफ कवर और ऊपरी शटर तोड़ दिया, लेकिन नकदी नहीं निकाल सका। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।

जयपुर। सदर थाना इलाके में एक बदमाश ने एटीएम बूथ में घुसकर कैश चोरी करने का प्रयास किया। बदमाश अपने कपड़ों में औजार छिपाकर लाया था और एटीएम मशीन के सेफ कवर को तोड़ डाला। हालांकि मशीन का ऊपरी शटर क्षतिग्रस्त करने के बावजूद वह कैश नहीं निकाल पाया और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना सिविल लाइंस स्थित ऑर्बिट मॉल में लगे केनरा बैंक के एटीएम की है। मामले में बैंक प्रबंधन की ओर से थाने में बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश में जुटी है।

कपड़ों में छिपाकर लाया था औजार

जांच अधिकारी एएसआई हवा सिंह ने बताया कि करणी विहार निवासी अर्चना (51), जो सिविल लाइंस स्थित ऑर्बिट मॉल में केनरा बैंक शाखा की मैनेजर हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रविवार को बैंक में अवकाश होने के कारण शाखा बंद थी। सुबह करीब 8.45 बजे एक बदमाश एटीएम बूथ में दाखिल हुआ. बदमाश ने कैश निकालने के बहाने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ शुरू की। अपने कपड़ों में छिपाकर लाए औजारों की मदद से उसने मशीन का सेफ कवर और ऊपरी शटर तोड़ दिया, लेकिन नकदी निकालने में सफल नहीं हो सका। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

CCTV के आधार पर पुलिस जुटी जांच में

मैनेजर अर्चना ने बताया कि सोमवार सुबह बैंक खुलने पर एटीएम में तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास का पता चला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक सबूत जुटाए। एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बदमाश की पूरी करतूत सामने आई। इसके आधार पर बुधवार शाम को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image