जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के बगरू में जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बगरू पुलिया से उतरते समय बस स्टैंड के पास एक ट्रेलर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।
खाटूश्यामजी के दर्शन कर सांवरिया सेठ जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर बस में महाराष्ट्र के नासिक जिले के 28 श्रद्धालु सवार थे। सभी श्रद्धालु खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद सांवरिया सेठ मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान बगरू पुलिया से उतरते समय बस स्टैंड के पास ट्रेलर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री घायल हो गए।
25 घायलों को अस्पताल पहुंचाया, 7 SMS रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बगरू उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को बेहतर उपचार के लिए जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया।
SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में घायलों का इलाज
SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में लाए गए सात घायलों की जांच के बाद उपचार शुरू किया गया। ट्रॉमा प्रभारी डॉ. राजेंद्र मांडिया के निर्देशन में चिकित्सकीय टीम ने घायलों का इलाज किया। अस्पताल में दो मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि तीन मरीजों को ऑब्जर्वेशन वार्ड में रखा गया। वहीं, दो मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत से उनके परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि घायलों का उपचार जारी है।



