Friday, October 2, 2026
HomeLatest Newsजयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई, 35 हजार रुपये रिश्वत लेते कैशियर...

जयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई, 35 हजार रुपये रिश्वत लेते कैशियर गिरफ्तार…दो अन्य कार्मिक भी पकड़े गए

जयपुर के किशनगढ़ रेनवाल स्थित श्री शिरडी साई बाबा आयुर्वेदिक कॉलेज एवं हॉस्पिटल में ACB ने ट्रेप कार्रवाई करते हुए 35 हजार रुपये रिश्वत लेते कैशियर को गिरफ्तार किया। मामले में क्वालिटी कंट्रोल लैब इंचार्ज एवं डिप्टी डायरेक्टर और कम्प्यूटर ऑपरेटर/कनिष्ठ सहायक को भी गिरफ्तार किया गया है।

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने किशनगढ़ रेनवाल क्षेत्र में रिश्वत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए श्री शिरडी साई बाबा आयुर्वेदिक कॉलेज एवं हॉस्पिटल, मुण्डियागढ़ के तीन कार्मिकों को गिरफ्तार किया है। ACB के अनुसार मामले में 35 हजार रुपये की रिश्वत राशि से जुड़ी ट्रेप कार्रवाई की गई। ACB जयपुर नगर प्रथम इकाई ने यह कार्रवाई ACB मुख्यालय के निर्देश पर की। कार्रवाई में रमेश कुमार शर्मा, कैशियर/स्टोर कीपर को परिवादी से 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और ट्रेप कार्रवाई के दौरान मामले में राजकुमार मीणा, कम्प्यूटर ऑपरेटर/कनिष्ठ सहायक तथा योगेश कुमार अपूर्वा, क्वालिटी कंट्रोल लैब इंचार्ज एवं डिप्टी डायरेक्टर की कथित आपराधिक संलिप्तता सामने आने पर दोनों को भी गिरफ्तार किया गया।

40 हजार रुपये की मांगी गई थी रिश्वत

ACB के मुताबिक शिकायत में बताया गया था कि परिवादी की भतीजी श्री शिरडी साई बाबा आयुर्वेदिक कॉलेज एवं हॉस्पिटल में BAMS की पढ़ाई कर रही है। अन्य कॉलेज से इंटर्नशिप करने के लिए NOC जारी करने के बदले 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत ACB को मिली थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद राशि 35 हजार रुपये में तय होने की बात सामने आई।

कैशियर को रंगे हाथों पकड़ा

सत्यापन के बाद ACB टीम ने ट्रेप कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान रमेश कुमार शर्मा को परिवादी से 35,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर राजकुमार मीणा और योगेश कुमार अपूर्वा को भी गिरफ्तार किया गया। ACB के अधिकारियों के सुपरवीजन में आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। ACB के अनुसार मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

ACB ने लोगों से की अपील

ACB ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिलने पर संबंधित व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत ACB से सीधे संपर्क कर मामले की वस्तुस्थिति, उपलब्ध तथ्यों और अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। दोष सिद्ध होने से पहले तथ्यों और प्रस्तुत स्पष्टीकरण का परीक्षण नियमानुसार किया जाता है। ACB ने लोगों को अपने नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने की भी अपील की है। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए ACB के टोल फ्री नंबर 1064 और WhatsApp हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24×7 संपर्क किया जा सकता है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image