जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार दोपहर जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए सांगानेर सदर थाने में तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) महेश चन्द मीणा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ACB की टीम ने आरोपी ASI को थाना परिसर के अंदर बने कमरे में रिश्वत की रकम लेते पकड़ा। एडीजी ACB स्मिता श्रीवास्तव के अनुसार परिवादी ने ACB में शिकायत दी थी कि उसके मामा की ओर से सांगानेर सदर थाने में एक मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले की जांच ASI महेश चन्द मीणा कर रहे थे।
पिकअप छोड़ने और आरोपी नहीं बनाने के बदले रिश्वत की मांग
शिकायत के अनुसार ASI पर आरोप था कि परिवादी के मामा की पिकअप छोड़ने और सहपरिवादी को मामले में मुल्जिम नहीं बनाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत में यह भी बताया गया कि रिश्वत को लेकर परिवादी को बार-बार परेशान किया जा रहा था। ACB ने शिकायत का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी ASI की ओर से मामले में राजीनामा होने से संबंधित दस्तावेज मांगकर पिकअप छोड़ने और मामले को खत्म करने के एवज में 10 हजार रुपये में सौदा तय होने की बात सामने आई।
10 हजार रुपये लेते ही ACB ने दबोचा
सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी ASI ने परिवादी और सहपरिवादी को गुरुवार दोपहर बुलाया था। राजीनामे के दस्तावेज लेने और सहपरिवादी से पूछताछ के बाद ASI ने 10 हजार रुपये रिश्वत की रकम ली। बताया गया कि जैसे ही ASI ने रिश्वत की रकम लेकर उसे अपनी पैंट की जेब में रखा, उसी समय ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल ACB की टीम गिरफ्तार आरोपी ASI से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही आरोपी के घर की तलाशी की कार्रवाई भी की जा रही है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।



