मुंबई (प्रज्ञा पांडे)। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार धनुष इन दिनों अपनी फिल्मों नहीं, बल्कि एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या धनुष भी अब राजनीति की दुनिया में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि अभिनेता की तरफ से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दरअसल, हाल ही में धनुष एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने अपने फैंस से सिर्फ फिल्मी आयोजनों तक सीमित न रहने और समाज के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों की एकजुटता में बड़ी ताकत होती है और इस ताकत को अच्छे कामों में इस्तेमाल करना चाहिए। धनुष की इसी बात ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी। कई फैंस को लगा कि अभिनेता अपने फैन बेस को सामाजिक कामों से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं और यह राजनीति की दिशा में पहला कदम हो सकता है। कुछ यूजर्स ने तो उनकी तुलना थलापति विजय से भी करनी शुरू कर दी।
फैंस बोले- राजनीति में आ सकते हैं धनुष
धनुष की लोकप्रियता सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है। तमिल सिनेमा में उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है और वह पहले भी कई सामाजिक मुद्दों से जुड़े नजर आए हैं। वायरल वीडियो के बाद उनके समर्थकों के बीच यह उम्मीद बढ़ गई है कि शायद आने वाले समय में वह जनता से जुड़े किसी बड़े कदम का ऐलान कर सकते हैं। लेकिन अभी इसे सिर्फ कयास ही माना जा रहा है। धनुष ने राजनीति में आने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। उनके परिवार की ओर से भी पहले ऐसी खबरों पर सफाई दी जा चुकी है कि फिलहाल उनका ध्यान अपने फिल्मी करियर पर है।
क्या साउथ स्टार्स का पॉलिटिकल कनेक्शन फिर दिखेगा?
साउथ इंडस्ट्री और राजनीति का रिश्ता काफी पुराना रहा है। कई बड़े अभिनेता फिल्मों से निकलकर राजनीति में अपनी पहचान बना चुके हैं। ऐसे में जब भी कोई बड़ा स्टार जनता, सेवा और बदलाव की बात करता है, तो उसके राजनीतिक सफर को लेकर चर्चाएं तेज होना आम बात है। अब देखना दिलचस्प होगा कि धनुष का यह संदेश सिर्फ सामाजिक पहल तक सीमित रहता है या फिर आने वाले दिनों में कोई बड़ा राजनीतिक कदम सामने आता है। फिलहाल फैंस उनकी अगली घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।



