Saturday, June 6, 2026
HomeLatest Newsविश्व कप से पहले ईरान को बड़ी खुशखबरी, खिलाड़ियों और स्टाफ को...

विश्व कप से पहले ईरान को बड़ी खुशखबरी, खिलाड़ियों और स्टाफ को अमेरिका में प्रवेश की मंजूरी मिली

ईरान की विश्व कप फुटबॉल टीम को अमेरिका के वीजा मिल गया हैं, जिससे खिलाड़ी और स्टाफ मैक्सिको के तिजुआना स्थित प्रशिक्षण शिविर से अमेरिका जाकर मैच खेल सकेंगे। युद्ध और वीजा संबंधी चुनौतियों के बावजूद टीम की टूर्नामेंट में भागीदारी का रास्ता साफ हो गया है।

Iran Football Team Visa : वाशिंगटन। ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को बड़ी राहत मिली है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को अमेरिका का वीजा मिल गया है, जिससे वे फीफा विश्व कप के अपने शुरुआती मुकाबलों के लिए अमेरिका की यात्रा कर सकेंगे। इससे वे इस महीने लॉस एंजिलिस के पास होने वाले अपने शुरुआती दो मैच से पूर्व मैक्सिको के तिजुआना में बने अपने ट्रेनिंग बेस से अमेरिका आ सकेंगे। इजराइल और अमेरिका के साथ ईरान के युद्ध के कारण विश्व कप में टीम की भागीदारी को लेकर मुश्किलें पैदा हो गई थीं। वीजा प्रक्रिया में दिक्कतों की वजह से ईरान को अपना ट्रेनिंग बेस एरिजोना के टक्सन से हटाकर कैलिफोर्निया की सीमा से लगे मैक्सिको के तिजुआना में ले जाना पड़ा था।

अमेरिका ने ईरानी खिलाड़ियों को प्रवेश की अनुमति दी

एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान की टीम के सभी खिलाड़ियों के वीजा मंजूर हो गए हैं और उन्हें वीजा मिलने की प्रक्रिया चल रही है। दूसरे अधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों, कोच, ट्रेनर और कुछ सहयोगी स्टाफ के लिए वीजा जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि उन्हें वीजा के बारे में सार्वजनिक रूप से बात करने की इजाजत नहीं थी। दूसरा अधिकारी यह नहीं बता सका कि क्या ईरान के किसी आवेदक का वीजा अस्वीकार किया गया है। अधिकारी ने कहा कि ईरान की टीम को यात्रा के लिए पासपोर्ट शुक्रवार या शनिवार तक मिल सकते हैं।

तिजुआना के लिए रवाना होने से पहले टीम तुर्की के अंताल्या में ट्रेनिंग शिविर में विश्व कप की तैयारी कर रही थी। टीम ने बताया कि उसे अंकारा में मैक्सिको के दूतावास से पहले ही वीजा मिल चुका है। तुर्की में अमेरिकी राजदूत टॉम बैराक ने ईरानी टीम को वीजा की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अंकारा में अमेरिकी दूतावास की तारीफ की। बैराक ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘खेल सीमाओं से परे होते हैं और हम दुनिया भर से आने वाले खिलाड़ियों और प्रशंसकों का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।’’

15 जून को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा ईरान

ईरान अपने शुरुआती दो मैच कैलिफोर्निया के इंगलवुड में खेलेगा। पहला मैच 15 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ और दूसरा छह दिन बाद बेल्जियम के खिलाफ होगा। इसके बाद टीम सिएटल जाएगी जहां 26 जून को उसका मुकबला मिस्र से होगा। अगर दोनों टीम अपने-अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहती हैं तो ईरान और अमेरिका का मुकाबला तीन जुलाई को टेक्सास के अर्लिंग्टन में ‘राउंड ऑफ 32’ में हो सकता है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मार्च में ईरान को टूर्नामेंट में भाग लेने से हतोत्साहित किया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें यह ‘उचित’ नहीं लगता और खिलाड़ियों की ‘जान और सुरक्षा’ को लेकर चिंता जताई थी। इसके एक दिन बाद ईरान की राष्ट्रीय टीम ने इसका विरोध करते हुए कहा कि ‘कोई भी उन्हें खेलने से नहीं रोक सकता।’

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image