Friday, July 17, 2026
HomeLatest Newsअमेरिका ने लगातार छठी रात ईरान पर किए हवाई हमले, चाबहार पोर्ट...

अमेरिका ने लगातार छठी रात ईरान पर किए हवाई हमले, चाबहार पोर्ट समेत पुलों अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया

Iran US War: अमेरिका ने लगातार छठी रात ईरान पर हवाई हमले करते हुए पहली बार पुलों, चाबहार पोर्ट और अन्य रणनीतिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी सहयोगी देशों पर मिसाइल हमले किए और जवाबी कार्रवाई तेज करने की चेतावनी दी।

Iran US War: अमेरिका ने शुक्रवार तड़के ईरान के खिलाफ अपने हवाई हमलों का दायरा और बढ़ाते हुए पहली बार पुलों समेत अहम बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाया. इस दौरान चाबहार पोर्ट को भी निशाना बनाया गया. हमले में पोर्ट के कंट्रोल टावर को भी नुकसान पहुंचा है. यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के बाद हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ कमजोर नहीं करता, तो उसके महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी हमले किए जाएंगे.

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, शुक्रवार तड़के हुए हमलों में ईरान के दर्जनों सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया. यह लगातार छठी रात थी जब अमेरिका ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए.

जवाब में ईरान ने फिर किए मिसाइल हमले

अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिका के सहयोगी देशों पर फिर मिसाइल हमले किए और चेतावनी दी कि यदि हमले जारी रहे तो उसकी जवाबी कार्रवाई और तेज होगी. शुक्रवार सुबह संभावित हमले की आशंका के बीच कतर ने दूसरी बार नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी जारी की, जबकि बहरीन में भी हवाई हमले के सायरन बजाए गए। कतर के गृह मंत्रालय के अनुसार, पहले हुए एक हमले में मिसाइल के मलबे से एक बच्चा घायल हुआ था.

पुलों और बंदरगाहों पर हमला

ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने दक्षिणी होर्मोजगान प्रांत में कई पुलों पर हवाई हमले किए, जिनमें कम से कम 7 लोगों की मौत हुई. हमलों में बंदर खमीर शहर को भी निशाना बनाया गया. इसके अलावा तेहरान और सेमनान प्रांत में भी हमले किए गए. सेमनान को ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल और अंतरिक्ष कार्यक्रम का प्रमुख केंद्र माना जाता है.

होर्मुज संकट और गहराया

होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी दोबारा लागू कर दी है ताकि ईरान के कच्चे तेल के निर्यात को सीमित किया जा सके.

समुद्री विश्लेषण संस्था लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस के अनुसार, महीने की शुरुआत में ही होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले मालवाहक जहाजों की आवाजाही में लगभग 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी.

ट्रंप बोले- बड़ी जीत मिल रही

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए दावा किया कि युद्ध में अमेरिका बढ़त बनाए हुए है. उन्होंने कहा, ‘हम ईरान में बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं और इसके नतीजे बहुत जल्द दुनिया के सामने होंगे.’

ईरान की चेतावनी

ईरानी सेना के खातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता कर्नल इब्राहिम जुल्फिकारी ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका पुलों और बिजली संयंत्रों पर हमले जारी रखता है, तो ईरान भी क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर निशाना बनाएगा.

ये भी पढ़ें: महादेव ट्रेडिंग केस में ED का बड़ा एक्शन, राजस्थान समेत कई राज्यों में छापेमारी, श्रीगंगानगर-जयपुर में भाजपा नेता के ठिकानों पर रेड


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image