जयपुर। Apple की नई iPhone 18 सीरीज की लॉन्चिंग के बाद पुराने iPhone मॉडल्स की कीमतें घटने के बजाय बढ़ गई हैं। कंपनी ने भारत में iPhone 17, iPhone 17e और iPhone 16 समेत कुछ मौजूदा मॉडल्स के दाम बढ़ाए हैं। यानी नई सीरीज खरीदने का इंतजार कर रहे ग्राहकों के लिए पुराने मॉडल पर मिलने वाली संभावित छूट के बजाय अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।
iPhone 17 के दाम में ₹22 हजार तक बढ़ोतरी
iPhone 17 के 256GB वेरिएंट की कीमत पहले ₹82,900 थी, जिसे बढ़ाकर अब ₹99,900 कर दिया गया है। यानी इसकी कीमत में ₹17,000 की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 512GB मॉडल की कीमत ₹1,02,900 से बढ़कर ₹1,24,900 हो गई है। इस वेरिएंट पर सीधे ₹22,000 का इजाफा हुआ है।
iPhone 17e और iPhone 16 भी हुए महंगे
Apple के दूसरे पुराने मॉडल्स की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। iPhone 17e के 256GB मॉडल की कीमत ₹64,900 से बढ़कर ₹79,900 हो गई है, जबकि 512GB वेरिएंट अब ₹1,04,900 का हो गया है।वहीं iPhone 16 के 128GB बेस मॉडल की कीमत ₹69,900 से बढ़ाकर ₹89,900 कर दी गई है। यानी इस मॉडल पर ₹20,000 की बढ़ोतरी हुई है।
आखिर क्यों बढ़े पुराने iPhone के दाम?
आमतौर पर नई iPhone सीरीज लॉन्च होने के बाद पुराने मॉडल्स की कीमत कम होती है, लेकिन इस बार तस्वीर अलग है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेमोरी चिप्स और दूसरे जरूरी कंपोनेंट्स की लागत बढ़ने को कीमतों में बढ़ोतरी की बड़ी वजह माना जा रहा है।AI और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग के कारण मेमोरी और सेमीकंडक्टर कंपोनेंट्स की मांग बढ़ी है। इससे सप्लाई पर दबाव और कंपनियों की उत्पादन लागत बढ़ी है।
सिर्फ Apple ही नहीं, दूसरे फोन ब्रांड भी बढ़ा रहे कीमतें
कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत का असर सिर्फ Apple पर नहीं पड़ा है। इससे पहले कई Android स्मार्टफोन कंपनियां भी अपने डिवाइस की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी हैं। ऐसे में आने वाले समय में स्मार्टफोन की कीमतों पर इसका और असर देखने को मिल सकता है।नई iPhone 18 सीरीज की लॉन्चिंग के बाद पुराने मॉडल खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए यह कीमत बढ़ोतरी खास मायने रखती है। ऐसे में फोन खरीदने से पहले अलग-अलग वेरिएंट की नई कीमत जरूर चेक करना बेहतर होगा।



