नई दिल्ली। भारत में हत्या, रंगदारी और हथियारों की तस्करी समेत कई गंभीर मामलों में वांछित गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में FBI ने गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिमांशु भाऊ दिल्ली और हरियाणा समेत कई राज्यों में दर्ज 30 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था। इसी कार्रवाई के दौरान एक अन्य भगोड़े नीरज फरीदपुरिया को भी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। हिमांशु भाऊ के खिलाफ इंटरपोल ने वर्ष 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। हरियाणा पुलिस ने उस पर 2.5 लाख रुपये और दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। हालांकि, गिरफ्तारी और आगे की कानूनी प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत आधिकारिक जानकारी की पुष्टि संबंधित एजेंसियों के बयानों से की जानी बाकी है।
लास वेगास में ठिकाना बनाकर चला रहा था गैंग
रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के एक सूत्र ने बताया कि दिल्ली और हरियाणा पुलिस की टीमें लंबे समय से हिमांशु भाऊ की तलाश में जुटी थीं। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर लास वेगास में उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने यह जानकारी अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा की, जिसके बाद 22 अक्टूबर को उसे हिरासत में लिया गया।
30 से ज्यादा आपराधिक मामलों में वांछित
हिमांशु भाऊ पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका नेटवर्क दिल्ली-NCR, हरियाणा तथा पंजाब में सक्रिय रहा है। वर्ष 2023 में इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। वर्ष 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं के बाद उसका नाम सुर्खियों में आया था। उसकी गैंग पर 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग से जुड़े होने का भी आरोप लगा था।
नीरज फरीदपुरिया भी हिरासत में
रिपोर्ट्स के अनुसार, नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिकी अधिकारियों ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह जमानत पर रिहा होने के बाद टखने में लगा निगरानी ट्रैकर हटाकर गिरफ्तारी से बच रहा था। अब भारतीय एजेंसियां दोनों को भारत लाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही हैं।



