नई दिल्ली: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना पहला पोस्ट साझा किया है। इसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपनी पहली मुलाकात, प्यार की शुरुआत और साथ बिताए दिनों की यादें साझा कीं। सोनिया ने अपनी आगामी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का वीडियो भी पोस्ट किया है। यह किताब 10 नवंबर 2026 को लॉन्च होने वाली है।
कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्टोरेंट में हुई थी पहली मुलाकात
सोनिया गांधी के मुताबिक, वह इंग्लैंड में अपनी पसंद का खाना मिलने वाली जगह तलाश रही थीं। इसी दौरान उन्हें कैम्ब्रिज में एक ग्रीक रेस्टोरेंट मिला, जहां एक दोस्त ने उनकी मुलाकात राजीव गांधी से कराई थी।सोनिया ने बताया कि पहली मुलाकात के दौरान ही उन्हें महसूस हुआ कि राजीव ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके साथ वह अपनी जिंदगी बिताना चाहेंगी। बाद में उन्हें पता चला कि राजीव भी उनके बारे में ऐसा ही महसूस करते थे।दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती गई। वे पार्टियों में जाते, घूमते और छात्रों की बैठकों में साथ समय बिताते थे। सोनिया ने राजीव के स्वभाव का जिक्र करते हुए उन्हें सौम्य और आकर्षक व्यक्तित्व वाला इंसान बताया।
‘हमने प्यार और खुशियों से भरी दुनिया बसाई’
सोनिया गांधी ने अपने संदेश में राजीव गांधी के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि दोनों ने मिलकर यादों से भरी एक दुनिया बनाई। उनकी प्रेम कहानी से जुड़ी ये यादें उनकी आने वाली किताब का अहम हिस्सा हैं।
बचपन से लेकर गांधी परिवार में आने तक की कहानी
‘Belonging: A Journey of Love’ में सोनिया गांधी ने इटली के वेनेटो क्षेत्र में बिताए बचपन से लेकर कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात तक के सफर का जिक्र किया है।किताब में राजीव गांधी से शादी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात और भारतीय संस्कृति को अपनाने के अनुभव भी शामिल हैं। इसमें हिंदी सीखने, साड़ी पहनने और भारतीय खानपान व जीवनशैली के साथ तालमेल बैठाने जैसे पहलुओं का भी वर्णन है।
परिवार की त्रासदियों और राजनीतिक सफर का भी जिक्र
सोनिया गांधी की किताब में गांधी परिवार की कई बड़ी त्रासदियों का उल्लेख है। इनमें संजय गांधी की विमान हादसे में मौत, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या शामिल हैं।राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूर रहीं। बाद में 1997 में उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ली और 1998 में पार्टी की अध्यक्ष बनीं। वह 2017 तक कांग्रेस अध्यक्ष रहीं।
2004 में प्रधानमंत्री बनने से किया था इनकार
किताब में 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद के राजनीतिक घटनाक्रम का भी जिक्र है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने इस पद को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने।सोनिया गांधी की आगामी किताब उनके निजी जीवन, प्रेम, परिवार और राजनीतिक सफर के कई अनछुए पहलुओं को सामने लाने वाली है। अब पाठकों को 10 नवंबर को इसके लॉन्च का इंतजार है।



