India Pakistan UN Reply: संयुक्त राष्ट्र में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को आतंकवाद पर कड़ी चेतावनी दी है. UN में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने साफ कहा कि पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद को प्रायोजित करने के गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा पड़ोसी देश द्वारा प्रायोजित ऐसे आतंकवादी हमलों से अपनी रक्षा करने का भारत को पूरा अधिकार है.’
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा, ‘मैं आज पाकिस्तान द्वारा की गई निराधार और अनुचित टिप्पणियों का जवाब देने के लिए मजबूर हूं. भारत तथ्यों को स्पष्ट करना चाहता है. उन्होंने आगे कहा, सीमा पार आतंकवाद का पाकिस्तान द्वारा इस्तेमाल और हजार जख्म देकर भारत को कमजोर करने का उसका सिद्धांत, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रति उसकी प्रतिबद्धता संबंधी खोखली बयानबाजी को उजागर करता है.’
पी. हरीश ने कहा- ‘स्वतंत्र भारत ने अपने अस्तित्व की शुरुआत पाकिस्तान की सीमा पार आक्रामकता से लड़ते हुए की थी. पाकिस्तान उन भारतीय क्षेत्रों पर दावा कर रहा था, जो वैध, पूर्ण और कानूनी तौर पर हमेशा के लिए भारत का हिस्सा बन चुके थे. पाकिस्तान ने कई बार बेवजह भारत पर हमला किया. युद्ध शुरू किए और सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा दिया है. इससे उसने संप्रभुता, देश की सीमा की सुरक्षा और शांति से साथ रहने के नियमों का उल्लंघन किया है.’
‘भारत को अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार’
भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने आगे कहा कि भारत को ऐसे सीमा पार आतंकवाद से अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है. पाकिस्तान को यह स्वीकार करना होगा कि सीमा पार आतंकवाद को प्रायोजित करने के परिणाम भुगतने होते हैं. उन्होंने कहा कि कई युद्ध छेड़कर, भारत के खिलाफ अकारण आक्रामकता दिखाकर और लगातार सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देकर पाकिस्तान ने संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांतों का उल्लंघन किया है.
Delivered India’s statement at today’s Open Debate at the UNSC on ‘Upholding the Purposes and Principles of the UN Charter and Strengthening the UN-centered International System’.
— Parvathaneni Harish (@AmbHarishP) May 27, 2026
Highlighted growing concerns related to legitimacy, efficacy and relevance of the @UN, particularly… https://t.co/p5qAUJ6gHg
‘पाकिस्तान को आतंकवाद के समर्थन को समाप्त करना होगा’
पी. हरीश ने कहा, ‘आतंकवाद, धार्मिक कट्टरता, हिंसक चरमपंथ और भारत विरोधी बयानबाजी जैसी दुष्ट शक्तियों का इस्तेमाल पाकिस्तान अपनी स्थापना के समय से लगातार करता आ रहा है. इस संबंध में तथ्य सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद हैं और उन्हें और स्पष्ट करने की आवश्यकता नहीं है. पाकिस्तान को सभी प्रकार के आतंकवाद के समर्थन को विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से समाप्त करना होगा.’
फिर आलापा कश्मीर का राग
बता दें कि हरीश के बयान से पहले पाकिस्तान के आसिम इफ्तिखार अहमद ने इससे पहले दावा किया था कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के बावजूद जम्मू और कश्मीर मुद्दे का समाधान नहीं हो पाया है. उन्होंने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा कि करीब 8 दशकों से यह विवाद अनसुलझा बना हुआ है, जबकि कश्मीरी लोगों को आत्मनिर्णय का अधिकार देने वाले प्रस्ताव मौजूद हैं.
ये भी पढ़ें: नीट पेपर लीक मामले में CBI का एक्शन जारी, लातूर के डॉक्टर, पुणे के फिजिक्स टीचर को गिरफ्तार किया



