जयपुर। भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया श्रीलंका पहुंच चुकी है। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय खिलाड़ी कोलंबो पहुंचकर तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि, युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन अभी तक टीम के साथ नहीं जुड़े हैं, जिससे क्रिकेट प्रशंसकों के बीच उनकी फिटनेस को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पर टीम के श्रीलंका पहुंचने का वीडियो साझा किया, जिसमें कप्तान शुभमन गिल, ऋषभ पंत, केएल राहुल, कुलदीप यादव और अन्य खिलाड़ी नजर आए। लेकिन इस वीडियो में साई सुदर्शन दिखाई नहीं दिए, जिसके बाद उनके टीम से जुड़ने को लेकर सवाल उठने लगे।
हल्की चोट से उबर रहे हैं साई सुदर्शन
जानकारी के अनुसार साई सुदर्शन पैर के अंगूठे में लगी हल्की चोट से उबर रहे हैं। फिलहाल वे बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। राहत की बात यह है कि उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी अभ्यास शुरू कर दिया है और मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए है। यदि उन्हें मेडिकल स्टाफ से अंतिम मंजूरी मिल जाती है तो वे जल्द ही श्रीलंका रवाना होंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि 8 अगस्त तक वे भारतीय टीम के साथ जुड़ सकते हैं।
वार्म-अप मैच में खेलना मुश्किल
भारत को टेस्ट सीरीज से पहले 7 अगस्त से तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलना है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए माना जा रहा है कि साई सुदर्शन इस मुकाबले का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। हालांकि, टीम प्रबंधन को भरोसा है कि वे पहले टेस्ट से पहले पूरी तरह फिट होकर चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा।
इस बीच भारतीय टीम को एक बड़ा झटका भी लगा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है। आकिब के लिए यह भारतीय टेस्ट टीम के साथ जुड़ने का पहला अवसर है और उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
यह खबर भी पढ़ें:-Asian Legends League में खेलना पड़ा भारी? शोएब मलिक, मोहम्मद हफीज समेत पाकिस्तान के 17 पूर्व खिलाड़ियों पर 2 साल के बैन का खतरा
अब सभी की निगाहें साई सुदर्शन की फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि वे समय पर पूरी तरह फिट हो जाते हैं, तो श्रीलंका दौरे पर भारतीय बल्लेबाजी क्रम को और मजबूती मिल सकती है।



