Monday, August 31, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainment2 करोड़ की ‘हनुमान अंश’ ने कमाए 42 करोड़: ब 800% मुनाफे...

2 करोड़ की ‘हनुमान अंश’ ने कमाए 42 करोड़: ब 800% मुनाफे का दावा

महज 2 करोड़ रुपए में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। नीम करोली बाबा की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म को शुरुआत में कम स्क्रीन मिलीं, लेकिन पॉजिटिव रिव्यू और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से इसे दर्शकों का जबरदस्त सपोर्ट मिला। बड़ी फिल्मों के बीच ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन अब बॉलीवुड में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जयपुर। इन दिनों सिनेमाघरों में बड़ी स्टारकास्ट वाली फिल्में भले ही चर्चा में हों, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर एक कम बजट की फिल्म ने सबको चौंका दिया है। महज 2 करोड़ रुपए में बनी ‘हनुमान अंश’ ने करीब 42 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म की कमाई उसके बजट से करीब 21 गुना बताई जा रही है।फिल्म 7 अगस्त को रिलीज हुई थी। शुरुआत में इसे सीमित स्क्रीन मिलीं और पहले दो हफ्तों में कमाई भी खास नहीं रही। इसके बाद सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ी और तीसरे-चौथे हफ्ते में इसकी कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिला।

बड़ी फिल्मों के बीच कैसे बनी हिट?

‘हनुमान अंश’ की खास बात यह है कि इसके कलाकार और निर्देशक बड़े नाम नहीं हैं। फिल्म का कोई बड़ा प्रमोशनल कैंपेन भी नहीं हुआ। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़े वीडियो वायरल होने लगे और दर्शकों के बीच इसका क्रेज बढ़ता गया।ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श के मुताबिक फिल्म को वर्ड ऑफ माउथ का बड़ा फायदा मिला। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में फिल्म का प्रदर्शन कमजोर था, लेकिन पॉजिटिव रिव्यू और दर्शकों की प्रतिक्रिया के बाद इसकी कमाई तेजी से बढ़ी।

‘टॉक्सिक’ के बाद बढ़ीं ‘हनुमान अंश’ की स्क्रीन

7 अगस्त को रिलीज के समय फिल्म को 300 से ज्यादा शोज मिले थे। 14 अगस्त को ‘आवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’ रिलीज होने के बाद इसके शोज घटकर करीब 29-30 रह गए। बाद में इन फिल्मों के कमजोर प्रदर्शन के बीच ‘हनुमान अंश’ को फिर से ज्यादा स्क्रीन मिलने लगीं।26 अगस्त को यश की ‘टॉक्सिक’ रिलीज होने के बाद एक बार फिर ‘हनुमान अंश’ की स्क्रीन कम हुईं। लेकिन ‘टॉक्सिक’ को मिले शुरुआती नेगेटिव रिव्यू के बाद ‘हनुमान अंश’ के शोज दोबारा बढ़ने लगे। रिपोर्ट के मुताबिक अब फिल्म देशभर में 5,363 स्क्रीन्स पर दिखाई जा रही है।

50 साल पहले ‘जय संतोषी मां’ ने भी किया था ऐसा कमाल

कम बजट की धार्मिक फिल्मों के बड़े फिल्मों को टक्कर देने का उदाहरण नया नहीं है। 15 अगस्त 1975 को अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की ‘शोले’ के साथ महज 25 लाख रुपए में बनी ‘जय संतोषी मां’ रिलीज हुई थी।बड़े सितारों और बड़े बजट वाली ‘शोले’ के बीच रिलीज होने के बावजूद ‘जय संतोषी मां’ ने करीब 5 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। फिल्म इतनी लोकप्रिय हुई कि कई सिनेमाघरों में दर्शक स्क्रीन की आरती तक उतारते थे।

आखिर ‘हनुमान अंश’ को क्यों पसंद कर रहे दर्शक?

फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है। उनके भक्त भारत ही नहीं, दुनिया के कई हिस्सों में हैं। फिल्म से जुड़े वीडियो और सिनेमाघरों में दर्शकों के भावुक होने के क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।फिल्म को सादगी और फैक्ट्स के साथ पेश किए जाने की बात भी इसकी लोकप्रियता की एक वजह बताई गई है। फिल्म के मेकर्स का दावा है कि इसे मुख्य रूप से जानकारी देने के उद्देश्य से बनाया गया है, न कि केवल मुनाफा कमाने के लिए।फिल्म में नीम करोली बाबा का किरदार शोभिनव सत्या ने निभाया है, जबकि चंदन के. आनंद लीड रोल में हैं। निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image