Monday, August 3, 2026
HomeLatest News'अब मैं दोबारा यहां नहीं आऊंगा'… चूरू में शोर से नाराज हनुमान...

‘अब मैं दोबारा यहां नहीं आऊंगा’… चूरू में शोर से नाराज हनुमान बेनीवाल ने माइक फेंका, सभा को बीच में छोड़ हुए रवाना

Hanuman Beniwal News: चूरू के तालछापर में पार्टी कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शोर-शराबे से नाराज नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भाषण बीच में रोक दिया, माइक फेंका और सभा छोड़कर रवाना हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Hanuman Beniwal: नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल रविवार देर रात चूरू जिले के तालछापर कस्बे में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे, सभा के दौरान मंच के सामने बैठे कुछ युवाओं के लगातार शोर-शराबे से नाराज बेनीवाल ने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया, माइक मंच पर फेंका और कार्यक्रम छोड़कर रवाना हो गए. इस घटना से कार्यक्रम में मौजूद लोग भी हैरान रह गए.

सभा को संबोधित करते हुए बेनीवाल अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साध रहे थे. इसी दौरान कुछ युवाओं के लगातार शोर मचाने पर उन्होंने कई बार उन्हें शांत रहने की हिदायत दी. नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा, ‘तुमने नेता देखा है कि नहीं? तुम लोग बावले क्यों हो रहे हो? स्कूल वाले बच्चे कब आगे बढ़ेंगे, यह जानते ही नहीं हो.’

जब शोर नहीं रुका तो बेनीवाल का गुस्सा और बढ़ गया. उन्होंने कहा, ‘मैं दुबारा यहां नहीं आऊंगा. अभी बिना भाषण दिए चला जाऊंगा. कौन सा तुम सुबह वोट डाल दोगे? किसी का समय खराब करते हो.’ उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कहीं विरोधियों ने जानबूझकर ऐसे लोगों को कार्यक्रम में तो नहीं भेजा.

चूरू की राजनीति पर भी जताई नाराजगी

बेनीवाल ने अपने संबोधन में चूरू जिले की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि इस क्षेत्र के लोगों के लिए संघर्ष करने की वजह से उनकी पूरे राजस्थान में कई लोगों से दुश्मनी हुई. उन्होंने कहा, ‘जब तुम्हारे साथ अन्याय हुआ तो हनुमान बेनीवाल तुम्हारे साथ खड़ा रहा, लेकिन बाद में कई नेता बीजेपी और कांग्रेस में चले गए. मैं रात-रात भर तुम्हारे लिए लड़ता रहा. मुझे क्या पता था कि तुम इतने कमजोर हो.

आयोजकों पर भी उठाए सवाल

शोर-शराबे से नाराज बेनीवाल ने कार्यक्रम के आयोजकों को भी जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सभा में बैठाना बड़ी गलती थी. उन्होंने कहा, ‘यह आयोजकों की बहुत बड़ी गलती है. ऐसी जगह मेरे जैसे आदमी को नहीं बुलाना चाहिए. आपका स्तर अभी इतना बड़ा नहीं है.’ उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों को बैठाने का कोई औचित्य नहीं था. उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, “स्कूल के बच्चों को क्यों पकड़कर लाए हो? ऐसे बच्चे जीवनभर भटकेंगे.’

अब भाषण नहीं दूंगा: बेनीवाल

लगातार व्यवधान से नाराज हनुमान बेनीवाल ने अंत में कहा, ‘अब भाषण नहीं दूंगा.’ इसके बाद उन्होंने मंच पर माइक फेंका और कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए. उनके जाने के बाद सभा में मौजूद लोग भी हैरान रह गए. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस 2026 को लेकर सचिवालय में तैयारियां तेज, संयुक्त शासन सचिव ने सभी विभागों को समय पर तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image