FBI Nitish Kaushal Arrest: अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने गैंगस्टर नीतीश कौशल को अमेरिका के वरमोंट से गिरफ्तार किया है. कौशल पर हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, हथियारों की तस्करी और धन शोधन जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है. उसकी गिरफ्तारी एफबीआई की ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल किए जाने के कुछ ही दिनों बाद हुई है.
भगवानपुरिया गैंग के लिए करता है काम
एफबीआई के अनुसार, नीतीश कौशल कथित तौर पर जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप के लिए काम करता है. एजेंसी का आरोप है कि उसने गिरोह के लिए कई हिंसक वारदातों को अंजाम दिया, जिनमें अपहरण, मारपीट और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं.
FBI ने ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में किया था शामिल
एफबीआई ने मंगलवार को ही कौशल को अपनी ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल किया था. जांच एजेंसी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी. एफबीआई के मुताबिक, कौशल एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था, जो हत्या, अपहरण, ड्रग्स तस्करी, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, मानव तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे अपराधों में सक्रिय है.
पंजाब से अमेरिका तक फैला गैंग
एफबीआई ने बताया कि जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप की शुरुआत भारत के पंजाब से हुई थी, लेकिन समय के साथ इस नेटवर्क ने अमेरिका के कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट सहित कई इलाकों में अपनी गतिविधियां फैला लीं.
कोर्ट में दर्ज हुआ आपराधिक मामला
एफबीआई के अनुसार, 25 जून को लॉस एंजिलिस स्थित कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की अमेरिकी जिला अदालत में नीतीश कौशल के खिलाफ संगठित अपराध और भ्रष्ट संगठनों से संबंधित कानून के तहत आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया गया था. अब गिरफ्तारी के बाद कौशल के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई अमेरिकी अदालत में की जाएगी.
ये भी पढ़ें: मानसून तैयारी को लेकर सीएम भजनलाल के सख्त निर्देश, लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी



