Assembly Election Results 2026: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) संभावित जीत की ओर बढ़ती दिख रही है, जहां वह 109 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 63 सीटों पर आगे है. चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, असम में भी भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर से अग्रसर नजर आ रही है. तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) शानदार शुरुआत करती दिख रही है और 103 सीटों पर आगे है, वहीं सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम( द्रमुक) तीसरे स्थान पर खिसकती नजर आ रही है. पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी रहने के बीच, पूर्वी भारत भगवा रंग में रंगता हुआ नजर आ रहा है. केरल में कांग्रेस 61 सीट पर आगे है, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 29 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) 9 सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं.
कई जगह TMC और BJP के बीच तनातनी
विधानसभा चुनाव 2026 में सबकी नजर पश्चिम बंगाल पर है जहां ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी का लंबे समय से दबदबा रहा है और जो अब भाजपा की पहुंच में नजर आ रहा है. मतगणना से पहले कई ‘स्ट्रॉन्गरूम’ के बाहर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच तना-तनी देखने को मिली. चुनाव प्रक्रिया के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के 2.5 लाख से अधिक जवानों को राज्य पुलिस के साथ तैनात किया गया है.
नंदीग्राम से चुनाव लड़ रहे और भवानीपुर में बनर्जी को चुनौती दे रहे विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आत्मविश्वास से कहा, ‘भाजपा सरकार बनाएगी।’ चुनाव के संबंध में उनकी संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने कहा, ‘जीतेंगे. अच्छे से जीतेंगे.’ वहीं तृणमूल कांग्रेस का नेतृत्व अधिक सतर्क है और उसने अभी फिलहाल स्थिति पर नजर रखने की रणनीति अपनाई है. असम में भी चुनावी प्रक्रिया काफी गहमा-गहमी भरी रही. मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा 126 में से 74 सीटों पर बढ़त के साथ लगातार दूसरी बार जीत की ओर बढ़ती दिख रही है, जबकि कांग्रेस 23 सीटों पर आगे है.
TVK का अप्रत्याशित प्रदर्शन
तमिलनाडु में अभिनय से राजनीति में कदम रखने वाले विजय के नेतृत्व वाली नवगठित पार्टी TVK चुनावी मैदान में अप्रत्याशित प्रदर्शन कर रही है. तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में डाले गए वोटों की गिनती जारी रहने के दौरान टीवीके 101 सीट पर आगे है और द्रविड़ दलों द्रमुक और अन्नाद्रमुक को पीछे छोड़ रही है. यहां तक की द्रमुक के शीर्ष नेता एवं मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उनके बेटे एवं उप मुख्यमंत्री उदयनिधि चेन्नई की अपनी-अपनी सीटों पर पीछे हैं. द्रमुक 40 सीट पर आगे है.
केरल में UDF को बढ़त
केरल में मतगणना के रुझानों के अनुसार कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है, जो मतदान के बाद के सर्वेक्षण (एग्जिट पोल) के अनुमानों के अनुरूप है. मतगणना के शुरुआती कुछ दौर के बाद संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) 140 विधानसभा सीट में से 100 पर आगे है जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) केवल 40 सीट पर बढ़त बनाए हुए है. पुडुचेरी में, कांग्रेस और भाजपा दो-दो सीटों पर बराबरी पर आगे है, जबकि ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस सात सीटों पर आगे है.
ये भी पढ़ें: Assembly Election Results 2026 LIVE: असम में BJP की हैट्रिक, बंगाल में BJP और तमिलनाडु में विजय ने चौंकाया



