West Bengal Election Counting 2026 : कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) ने बड़ा बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी है। ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग (EC) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मतगणना प्रक्रिया को जानबूझकर धीमा किया जा रहा है और यह सब बीजेपी के इशारे पर हो रहा है। उन्होंने इसे चुनावी प्रक्रिया में धांधली करार दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने काउंटिंग एजेंट्स से सख्त अपील की है कि वे किसी भी हालत में मतगणना केंद्र न छोड़ें और पूरी सतर्कता बनाए रखें। ममता के मुताबिक, जमीनी रिपोर्ट के अनुसार अब तक केवल 13% वोटों की ही गिनती हो पाई है, जो सामान्य प्रक्रिया से काफी धीमी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई जगहों पर मतगणना बीच में रोक दी गई है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ममता बनर्जी ने एजेंट्स को दिए सख्त आदेश
वहीं, मतगणना शुरू होने से पहले रात में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘मुझे अलग-अलग जगहों से रिपोर्ट मिल रही हैं कि जान-बूझकर बिजली काटी जा रही है, हुगली के श्रीरामपुर से लेकर नदिया के कृष्णानगर तक, बर्दवान के औसग्राम से लेकर कोलकाता के खुदीराम अनुशीलन केंद्र तक कई घटनाएं सामने आई हैं, जहां चरणबद्ध तरीके से बिजली काटी जा रही है, सीसीटीवी कैमरे बंद किए जा रहे हैं और स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर-बाहर गाड़ियां आ-जा रही हैं।
ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सख्त अपील करते हुए कहा कि वे पूरी रात सतर्क रहें और स्ट्रॉन्ग रूम की कड़ी निगरानी करें। उन्होंने कहा, जिस तरह मैं खुद हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए पूरी रात जाग रही हूं, उसी तरह आप भी जागते रहें और जनता के वोटों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। ममता बनर्जी ने निर्देश दिया कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध स्थिति दिखाई दे, तो तुरंत संबंधित लोगों को घेरें, शिकायत दर्ज कराएं और सीसीटीवी फुटेज की मांग करें। साथ ही, उन्होंने इन घटनाओं के पीछे बीजेपी की भूमिका होने का आरोप लगाया



