डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में पैतृक जमीन को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद एक दर्दनाक हत्याकांड में बदल गया। दोवड़ा थाना क्षेत्र के फलोज गांव में बड़े भाई पर अपने छोटे भाई की लोहे के सरिए से हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। अब उससे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और हत्या के कारणों की विस्तार से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना 3 अगस्त को हुई, जब फलोज गांव में पैतृक जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में बड़े भाई रतनलाल उर्फ रतन पाटीदार ने लोहे के सरिए से छोटे भाई गोपाल पाटीदार के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से गोपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान निकाय चुनाव में बड़ा बदलाव! अब जनता नहीं, पार्षद चुनेंगे मेयर और चेयरमैन, मंत्री खर्रा ने दिए संकेत
मृतक की बहन पुष्पा ने दोवड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने बड़े भाई पर हत्या का आरोप लगाया। शिकायत में बताया गया कि पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसने आखिरकार हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी 57 वर्षीय रतनलाल पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया।
यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर में थर्ड ग्रेड शिक्षकों का आंदोलन खत्म, सरकार ने ट्रांसफर नीति लागू करने का दिया भरोसा
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि हत्या पहले से सोची-समझी साजिश थी या फिर अचानक हुए विवाद के दौरान यह वारदात हुई। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे के सरिए की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना ने पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है। एक मामूली जमीन विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए बिखेर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाकर अदालत में मजबूत चार्जशीट पेश की जाएगी।



