Donald Trump China Visit: चीन की यात्रा के आखिरी दिन दिए गए इंटरव्यू में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा ईरान के पास केवल दो ही विकल्प हैं. समझौता या विनाश. ईरान तबाह हो चुका है और उसे या तो संघर्ष समाप्त करने के लिए समझौता करना होगा या फिर विनाश का सामना करना पड़ेगा.
‘चीन भी नहीं चाहता कि ईरान परमाणु हथियार रखे’
डोनाल्ड ट्रंप ने चीन यात्रा के अंतिम दिन ‘फॉक्स न्यूज’ को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका ईरान को कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा. वे अब खत्म हो चुके हैं. वे समझौता कर सकते हैं या फिर वे पूरी तरह खत्म हो जाएंगे.’ ट्रंप ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति शी अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होते देखना चाहते हैं. ‘ उन्होंने बताया कि शी ने मदद की पेशकश करते हुए कहा, ‘यदि मैं किसी भी तरह मदद कर सकता हूं, तो मैं करना चाहूंगा. चीन भी नहीं चाहता कि ईरान परमाणु हथियार रखे.’
‘चीन ईरान को सैन्य उपकरण नहीं देगा’
चीन द्वारा ईरान को समर्थन दिए जाने के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि इस मुद्दे पर शी चिनफिंग से चर्चा हुई और उन्होंने आश्वासन दिया कि चीन ईरान को सैन्य उपकरण नहीं देगा. वर्तमान में चीन ईरान के 90 प्रतिशत तेल का खरीदार है और तेहरान के साथ उसकी रणनीतिक एवं सैन्य साझेदारी है.
‘अगर आप हॉलीवुड भी जाएं, तो ऐसा दृश्य नहीं मिलेगा’
ट्रंप ने शी चिनफिंग को मिलनसार व्यक्ति बताया, जिनका ध्यान अपने काम पर केंद्रित है. उन्होंने अपने स्वागत में हुए सैन्य सम्मान समारोह को अद्भुत बताया और कहा, ‘अगर आप हॉलीवुड भी जाएं, तो ऐसा दृश्य नहीं मिलेगा.’उन्होंने कहा कि चीन के साथ उनका रिश्ता बेहद सफल रहा है. हम चीन के साथ बहुत अच्छा कर रहे हैं. शी एक शानदार नेता हैं. वह लंबे समय से सत्ता में हैं, बेहद ताकतवर और मजबूत हैं. इसमें कोई शक नहीं. हमारे संबंध अच्छे हैं.’
अमेरिका से तेल खरीदेगा चीन !
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने शी जिनपिंग को अमेरिका से तेल खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया, जिस पर शी ने कहा कि उन्हें यह विचार पसंद आया है. उन्होंने कहा, ‘वे टेक्सास जाएंगे. हम चीनी जहाजों को टेक्सास, लुइसियाना और अलास्का भेजना शुरू करेंगे. मेरा मानना है कि इस पर सहमति बन गई है. यह बहुत बड़ी बात है.’
चीन खरीदेगा 200 बोइंग विमान !
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि शी जिनपिंग ने 200 बोइंग विमान खरीदने पर सहमति जताई है. ट्रंप ने कहा, ‘यह बहुत बड़ा सौदा है.’ इसके अलावा, उन्होंने चीन से व्यापार के लिए वीजा का उपयोग करने का अनुरोध किया और कहा कि चीन बड़ी मात्रा में अमेरिकी कृषि उत्पाद खरीदने वाला है, जिसे उन्होंने बेहतरीन बताया.
ये भी पढ़ें: NEET परीक्षा की नई तारीख का ऐलान, 21 जून को होगी परीक्षा, पढ़ें पूरी अपडेट



