Wednesday, May 13, 2026
HomeLatest Newsडोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात पर टिकी दुनिया की निगाहें,...

डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात पर टिकी दुनिया की निगाहें, जानें किन-किन मुद्दों पर होगी बातचीत

Trump China Visit: ईरान से जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन के दौरे पर हैं. विश्व की 2 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेता 7वीं बार आमने-सामने की वार्ता करेंगे. वे आखिरी बार अक्टूबर 2025 में दक्षिण कोरिया के बुसान में एक दूसरे से मिले थे. ट्रंप का चीन दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ट्रंप की चीन यात्रा को व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने और शुल्क (टैरिफ) को लेकर जारी तनाव को कम करने के मौके के तौर पर देखा जा रहा है. टैरिफ ने 525 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात को प्रभावित किया था.

किन मुद्दों पर होगी चर्चा

इस यात्रा का मुख्य फोकस व्यापार और टैरिफ विवाद को कम करना माना जा रहा है. अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से व्यापारिक तनाव बना हुआ है, जिसका असर अरबों डॉलर के निर्यात पर पड़ा है. ट्रंप ने बीजिंग रवाना होने से पहले वॉशिंगटन में कहा कि उनकी बातचीत का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा व्यापार होगा. अमेरिका चाहता है कि चीन अमेरिकी खाद्य उत्पादों और विमानों की खरीद बढ़ाए. बताया जा रहा है कि दोनों देश आपसी मतभेदों को कम करने के लिए ‘बोर्ड ऑफ ट्रेड’ स्थापित करने की योजना पर भी काम कर रहे हैं. ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान व्यापार के अलावा दोनों नेताओं के बीच खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव, वैश्विक सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है.

इन 4 मुद्दों पर नहीं होगी बातचीत

ट्रंप की चीन यात्रा से पहले अमेरिका स्थित चीनी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि चीन-अमेरिका संबंधों में 4 ऐसे मुद्दे हैं जिन पर समझौता नहीं किया जा सकता. ताइवान का मुद्दा, लोकतंत्र और मानवाधिकार, दोनों देशों की राजनीतिक व्यवस्था, चीन के विकास का अधिकार शामिल हैं.

चीनी दूतावास ने अपने दूसरे संदेश में कहा कि चीन और अमेरिका को मिलकर रणनीतिक, स्थिर और रचनात्मक संबंध विकसित करने की दिशा में काम करना चाहिए. साथ ही यह भी कहा गया कि आपसी सम्मान, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और दोनों देशों के लिए लाभकारी सहयोग ही आगे बढ़ने का सही रास्ता है.

शी जिनपिंग को वॉशिंगटन यात्रा का निमंत्रण देने की योजना

व्हाइट हाउस के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप बुधवार शाम बीजिंग पहुंचेंगे. इसके बाद गुरुवार को शी जिनपिंग के लिए औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी. शुक्रवार को ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच एक और मुलाकात प्रस्तावित है. इस दौरान पहले चाय पर अनौपचारिक बातचीत होगी और फिर दोपहर भोज के दौरान अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका बाद में शी जिनपिंग को वॉशिंगटन यात्रा का निमंत्रण देने की भी योजना बना रहा है.

ट्रंप के साथ जा रहे कई बड़े अमेरिकी कारोबारी

व्यापार के दृष्टिकोण से चीन को भरपूर लाभ मिलने की उम्मीद है. क्योंकि ट्रंप के साथ अमेरिकी बहुराष्ट्रीय दिग्गजों के शीर्ष सीईओ भी हैं, जिनमें टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क और एप्पल के सीईओ टिम कुक शामिल हैं, जिनका चीन में अच्छी तरह से स्थापित व्यवसाय है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा से अमेरिका-चीन संबंधों में नई दिशा मिल सकती है और दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव कम होने की संभावना बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें: CBSE 12th Result 2026: सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट जारी, 85.20 फीसदी स्टूडेंट पास, लड़कों पर भारी पड़ी लड़कियां


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular