Wednesday, May 6, 2026
HomeLatest Newsराजसमंद में दिया कुमारी का जनसंवाद, ग्राम रथ से योजनाओं की जानकारी,...

राजसमंद में दिया कुमारी का जनसंवाद, ग्राम रथ से योजनाओं की जानकारी, किसानों और ग्रामीणों को मिला फायदा

डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने राजसमंद दौरे में ग्राम रथ अभियान के जरिए सरकारी योजनाओं के प्रचार को अहम बताया। उन्होंने कहा कि इससे योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं और लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। ग्रामीणों से संवाद कर उन्होंने सरकार की उपलब्धियां साझा कीं और अपील की कि पात्र लोग योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, जिससे विकास का दायरा बढ़े।

Diya Kumari Graam Rath : जयपुर। प्रदेश में चल रहे ग्राम रथ अभियान को लेकर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी (Diya Kumari) ने इसे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार का बेहद प्रभावी माध्यम बताया है। उन्होंने कहा कि इन ग्राम रथों के जरिए सरकार की योजनाएं अब सीधे गांव-गांव तक पहुंच रही हैं, जिससे आमजन में जागरूकता बढ़ रही है और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित हो रहा है। दिया कुमारी ने जोर देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्राम रथ अभियान इसी दिशा में एक मजबूत कड़ी साबित हो रहा है, जो सरकार और जनता के बीच संवाद को और सशक्त बना रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने अपने राजसमंद प्रवास के दौरान नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुँजोल में संचालित ग्राम रथ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीण मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने गुँजोल में ग्राम रथ के दौरान ग्रामीणों से संवाद करते हुए राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रकाशित साहित्य एवं ब्रोशर का आमजन में वितरण किया तथा लोगों से अपील की कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से लोगों को योजनाओं की सरल एवं स्पष्ट जानकारी मिल रही है, जिससे जनभागीदारी भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कृषि क्षेत्र के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, तकनीकी उन्नयन तथा विभिन्न सहायता योजनाओं के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, जिसमें ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने ग्राम रथ अभियान को जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि यह पहल सरकार और आमजन के बीच सेतु का कार्य कर रही है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular