CSK vs LSG: चेन्नई। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अब हर मुकाबला फाइनल जैसा बन चुका है। इंडियन प्रीमियर लीग में प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स रविवार को अपने घरेलू मैदान चेपॉक में लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ेगी। अंकतालिका में छठे स्थान पर मौजूद सीएसके जीत के साथ शीर्ष-4 की दौड़ में मजबूती से बने रहना चाहेगी, जबकि सबसे निचले पायदान पर खड़ी एलएसजी सम्मान बचाने के साथ अपनी धुंधली उम्मीदों को कायम रखना चाहेगी।
संजू सैमसन बने CSK की सबसे बड़ी ताकत
इस सीजन सीएसके का बल्लेबाजी क्रम काफी हद तक संजू सैमसन पर निर्भर रहा है। शीर्ष क्रम में उनकी शानदार पारियों ने कई बार टीम की किस्मत तय की। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में सैमसन ने 52 गेंदों में 87 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। हालांकि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पूरे सीजन निरंतरता के लिए संघर्ष करते रहे हैं, लेकिन हाल के मैचों में उन्होंने 74 और 67 रन की अहम पारियां खेलकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। मध्यक्रम में डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे और जेमी ओवरटन से भी बड़ी उम्मीदें होंगी।

धोनी की वापसी पर अब भी संशय
एम.एस. धोनी चोट के कारण अब तक टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। हालांकि उन्होंने नेट्स में अभ्यास शुरू कर दिया है, लेकिन अंतिम एकादश में उनकी वापसी को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। चेपॉक में धोनी की गैरमौजूदगी टीम और फैंस दोनों को खल रही है।
चेपॉक की पिच बदल रही रंग
इस सीजन एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम की पिच अपने पारंपरिक धीमे और स्पिन-अनुकूल स्वभाव से हटकर बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मददगार दिखी है। इसके बावजूद बीच के ओवरों में स्पिनरों को सहायता मिल रही है। ऐसे में नूर अहमद और अकील हुसैन की जोड़ी सीएसके के लिए अहम साबित हो सकती है।

LSG के लिए करो या मरो की स्थिति
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली एलएसजी के लिए यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने 10 मैचों में केवल तीन जीत दर्ज की हैं। पंत का प्रदर्शन भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, हालांकि आरसीबी के खिलाफ उन्होंने 10 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेलकर लय में लौटने के संकेत दिए। टीम को पिछले मैच में बड़ी राहत तब मिली जब Mitchell Marsh ने 56 गेंदों पर 111 रन की तूफानी पारी खेलकर आरसीबी के खिलाफ जीत दिलाई। इस जीत ने एलएसजी की लगातार छह हार का सिलसिला भी तोड़ा।
गेंदबाजी में शमी पर जिम्मेदारी
एलएसजी की गेंदबाजी का दारोमदार अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर रहेगा। उनके साथ प्रिंस यादव, शाहबाज अहमद और दिग्वेश राठी से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। हालांकि जोश इंग्लिस और मोहसिन खान की चोटों ने टीम का संतुलन बिगाड़ा है।

मुकाबले पर नजर
चेपॉक की परिस्थितियों और घरेलू समर्थन को देखते हुए सीएसके का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। लेकिन एलएसजी अगर मार्श, पंत और पूरन जैसे बल्लेबाजों के दम पर बड़ा स्कोर खड़ा कर देती है तो मुकाबला बेहद रोमांचक हो सकता है।
टीम इस प्रकार हैं:
चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रामकृष्ण घोष, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, अकील हुसैन, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, कार्तिक शर्मा, अमन खान।
लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, अक्षत रघुवंशी, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), एडेन मार्क्रम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), अर्शिन कुलकर्णी, जॉर्ज लिंडे, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, आकाश सिंह, अवेश खान, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, एनरिक नोर्किया, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, मणिमारन सिद्धार्थ, अर्जुन तेंदुलकर, नमन तिवारी, मयंक यादव। मैच दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।



