नई दिल्ली (प्रज्ञा पांडे)। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सितंबर महीने से देशभर में जनसंपर्क अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन इस अभियान को ‘क्या बोलती पब्लिक’ नाम से चलाएगा, जिसके तहत देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर आम जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दो दिवसीय कोर टीम बैठक के बाद बताया कि संगठन फिलहाल चुनावी राजनीति में उतरने की बजाय एक ‘पब्लिक प्रेशर ग्रुप’ के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य सरकारों पर जनता के मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक दबाव बनाना है, न कि अभी चुनाव लड़ना। अभियान के दौरान CJP कार्यकर्ता छात्रों, युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे। संगठन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं, सुझावों और स्थानीय मुद्दों को समझकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है।
अभिजीत दीपके ने कहा कि वर्तमान समय में जनता की आवाज को मजबूत तरीके से सामने लाने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 14 वर्षों में देश ने तानाशाही जैसी परिस्थितियों का अनुभव किया है और कई लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। दीपके ने स्पष्ट किया कि CJP का फिलहाल चुनाव लड़ने का कोई निर्णय नहीं है। संगठन पहले देशभर में अपनी पहुंच बढ़ाने और लोगों के साथ संवाद मजबूत करने पर ध्यान देगा।
उन्होंने कहा कि ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों को केंद्र में रखने की पहल है। गौरतलब है कि CJP पिछले कुछ समय से युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रही है। संगठन ने परीक्षा, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे विषयों पर अभियान चलाए हैं। अब ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान के जरिए CJP अपनी गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की तैयारी कर रही है।



