Churu Congress Leader Firing: राजस्थान के चूरू जिले में गुरुवार सुबह बदमाशों ने कांग्रेस नेता राजेन्द्र बबेरवाल के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. सुबह करीब 5 बजे हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई. बाइक सवार बदमाशों ने कांग्रेस नेता के घर के मुख्य दरवाजे को निशाना बनाते हुए एक दर्जन से ज्यादा राउंड फायर किए. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए.
पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को रोका
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और पूरे इलाके में नाकेबंदी करवाई गई. पुलिस ने भाग रहे बदमाशों का पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर भी फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिस की घेराबंदी तोड़ने के लिए पुलिस वाहन को टक्कर मार दी. इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए.
एक को गोली लगी, दूसरे का पैर फ्रैक्चर
पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी का पैर फ्रैक्चर हो गया. दोनों आरोपियों के पंजाब निवासी होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है. अब पुलिस अन्य आरोपियों और इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.
वीडियो कॉलिंग से जुटाई गई थी जानकारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने वारदात से पहले वीडियो कॉलिंग के जरिए लोकेशन और अन्य जानकारियां जुटाई थीं. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश, धमकी या किसी आपराधिक गिरोह का हाथ तो नहीं है. हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर के मुख्य गेट पर गोलियों के कई निशान मिले हैं.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद DSP इंसार अली और गौरव खिड़िया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: थोक महंगाई बढ़कर पिछले 42 माह के सबसे उच्च स्तर पर पहुंची



