Indian Cargo Ship Attack : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ओमान के समुद्री तट पर भारतीय कार्गो जहाज ‘हाजी अली’ पर ड्रोन हमला किया गया। बताया जा रहा है कि हमला इतना भीषण था कि जहाज समुद्र में डूब गया। जानकारी के मुताबिक, यह हमला ईरान युद्ध के बीच हुआ है और इसे भारत से जुड़े जहाज पर अब तक की चुनिंदा बड़ी घटनाओं में माना जा रहा है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि ड्रोन हमला किस संगठन या देश की ओर से किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, हमला अचानक हुआ, जिससे जहाज को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियों और समुद्री निगरानी बलों को अलर्ट पर रखा गया है। जहाज में मौजूद चालक दल और नुकसान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। भारत सरकार ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने हमले की तीखी निंदा करते हुए इसे “अस्वीकार्य” बताया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। मंत्रालय ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और संबंधित देशों के संपर्क में रहा जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक इस जहाज पर क्रू के 14 लोग सवार थे। ओमान की नेवी ने दावा किया है कि इन 14 लोगों को बचा लिया गया है। मालवाहक जहाज’हाजी अली’ (MSV HAJI ALI BDI 1492) गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले का है. अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में भारतीय जहाज डूबने की ये दूसरी घटना है। अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जारी तनाव के बीच गुजरात का शिपिंग उद्योग इसका शिकार बनता दिख रहा है।
एक हफ्ता पहले ही गुजरात का जहाज ‘अल फैज नूर सुलेमानी-1’ होर्मुज स्ट्रेट में ईरान और अमेरिका के बीच हुई गोलीबारी में डूब गया था। घटना के अनुसार बुधवार 13 मई को सुबह लगभग 3:30 बजे यह जहाज सोमालिया के बरबरा से शारजाह की ओर जा रहा था, जब जहाज़ ओमान में लिमाह के पास से गुज़र रहा था तभी एक मिसाइल या ड्रोन जोरदार धमाके के साथ जहाज से टकरा गई. इस दुर्घटना के कारण जहाज में आग लग गई।
आग लगने के बाद जहाज समुद्र में डूबने लगा। जहाज को डूबते देख उस पर सवार कुल 14 सदस्यों ने तुरंत टाइम सिग्नल का इस्तेमाल करते हुए लाइफबोट्स की मदद ली और अपनी जान बचाई। ओमान कोस्ट गार्ड ने तत्काल कार्रवाई की और सभी भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया। हादसे के बाद उन्हें ओमान के दीबा बंदरगाह पर पहुंचा दिया गया है. ‘हाजी अली’ जहाज के मालिक सुल्तान अहमद संघार ने भी इस बात की पुष्टि की है कि सभी 14 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अब ओमान पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जहाज पर हमला किसने किया। अब इन नाविकों को वापस लाने की कोशिश की जा रही है।



