Tamil Nadu Liquor Shops Closed : चेन्नई। तमिलनाडु में शराबबंदी को लेकर बढ़ते दबाव के बीच मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय (CM C. Joseph Vijay) ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्यभर में 717 सरकारी शराब दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है। खास बात यह है कि इनमें बड़ी संख्या उन दुकानों की है जो पूजा स्थलों, स्कूल-कॉलेजों और बस अड्डों के आसपास स्थित हैं। सरकार ने इस कदम को “जनहित” से जुड़ा फैसला बताया है, जबकि विपक्ष इसे सिर्फ राजनीतिक स्टंट करार दे रहा है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, इसके तहत अगले दो हफ्तों के भीतर पूजा स्थलों के पास स्थित 276 दुकानें, शैक्षणिक संस्थानों के पास स्थित 186 दुकानें और बस अड्डों के पास मौजूद 255 दुकानें बंद कर दी जाएंगी। राज्य में, विशेषकर महिलाओं और पीएमके जैसे कुछ राजनीतिक दलों की ओर से व्यापक मांग रही है कि तमिलनाडु में सभी शराब की दुकानें बंद कर शराबबंदी लागू की जाए। इसके जवाब में द्रमुक के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने दावा किया कि टीएएसएमएसी द्वारा संचालित दुकानें धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों के बाहर मौजूद नहीं हैं। उन्होंने मजाक उड़ाते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘क्या वे नयी दुकानें खोलेंगे और फिर उन्हें बंद कर देंगे? यह महज़ प्रचार है।’
तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) राज्य भर में शराब की 4,765 खुदरा दुकानों का संचालन करता है। वर्ष 2025 में, तमिलनाडु में शराब की बिक्री से राजस्व 48,344 करोड़ रुपये था। टीएएसएमएसी विदेशों से आयातित शराब के 551 ब्रांड बेचता है, जिनमें लाइसेंस प्राप्त खुदरा दुकानों के माध्यम से बेची जाने वाली वाइन के 223 ब्रांड शामिल हैं।



