Tuesday, May 12, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentमीरा नायर की फिल्म 'अमरी' में अंजलि शिवरामन बनेंगी अमृता शेरगिल, प्रियंका...

मीरा नायर की फिल्म ‘अमरी’ में अंजलि शिवरामन बनेंगी अमृता शेरगिल, प्रियंका चोपड़ा और जयदीप अहलावत भी आएंगे नजर

Amri Star Cast: इंडिया-अमेरिकन फिल्ममेकर मीरा नायर अपनी आगामी फिल्म ‘अमरी’ को लेकर लंबे समय से चर्चा में हैं. यह फिल्म आधुनिक भारतीय कला की महान चित्रकार अमृता शेरगिल के जीवन पर आधारित है। अब फिल्म की लीड एक्ट्रेस को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। मीरा नायर ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि अभिनेत्री अंजलि शिवरामन इस फिल्म में अमृता शेरगिल का किरदार निभाएंगी.

पहली झलक के साथ कलाकारों का ऐलान

मीरा नायर ने फिल्म की फर्स्ट लुक जारी करते हुए स्टार कास्ट का भी खुलासा किया. फिल्म में जयदीप अहलावत अमृता के पिता उमराव सिंह शेरगिल की भूमिका निभाएंगे, जबकि प्रियंका चोपड़ा जोनास मैडम अज़ूरी के किरदार में नजर आएंगी. प्रियंका इस फिल्म की कार्यकारी निर्माता भी हैं. इसके अलावा एमिली वॉटसन अमृता की मां मैरी-एंटोनेट गोट्समैन, विक्टर एगन के रूप में क्रिस्टियन साकवेरी, इंदिरा शेरगिल के रूप में अंजना वासन, कार्ल खंडालावाला के रूप में जिम सरभ की भूमिका निभाते दिखाई देंगे.

अमृता शेरगिल की जिंदगी पर आधारित होगी कहानी

फिल्म ‘अमरी’ की कहानी 20वीं सदी की शुरुआत में हंगरी, फ्रांस और भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है. यह फिल्म उन सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेशों को दिखाएगी जिन्होंने अमृता शेरगिल की कला और सोच को आकार दिया. अमृता शेरगिल को आधुनिक भारतीय कला की सबसे महत्वपूर्ण कलाकारों में गिना जाता है. महज 28 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था, लेकिन उनकी पेंटिंग्स आज भी भारतीय समाज और महिलाओं के जीवन की गहरी झलक पेश करती हैं. उनकी चर्चित पेंटिंग्स में टू विमेन’, ‘द ब्राइड्स टॉयलेट’, ‘ग्रुप ऑफ थ्री गर्ल्स’ और कई ‘सेल्फ-पोर्ट्रेट’ शामिल हैं.

भारत और हंगरी में चल रही शूटिंग

फिल्म की शूटिंग फिलहाल भारत और हंगरी में जारी है. मीरा नायर ने इसे अपने लंबे समय से देखे गए सपनों में से एक बताया है. गौरतलब है कि मीरा नायर इससे पहले सलाम बॉम्बे!, ‘मानसून वेडिंग’, ‘द नेमसेक’ और ‘ए सूटेबल बॉय’ जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई फिल्मों और सीरीज का निर्देशन कर चुकी हैं. अब दर्शकों को ‘अमरी’ से भी बड़ी उम्मीदें हैं, खासकर इसलिए क्योंकि यह भारतीय कला जगत की सबसे प्रतिष्ठित शख्सियतों में से एक की कहानी बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है.

ये भी पढ़ें: ‘उनको हम पर आरोप लगाने का नैतिक अधिकार नहीं’, अशोक गहलोत के बयान पर किरोड़ी लाल मीणा का पलटवार


Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular