Friday, September 4, 2026
HomeLatest NewsBJP निकाय चुनाव में सांसदों की निष्क्रियता पर उठा सवाल: BL संतोष...

BJP निकाय चुनाव में सांसदों की निष्क्रियता पर उठा सवाल: BL संतोष बोले- प्रत्याशी कितना भी कमजोर हो, आखिरी दम तक साथ दें..

जयपुर में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने निकाय चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं के साथ मैराथन बैठकें कीं। बैठक में कमजोर प्रत्याशियों और निर्दलीयों को साधने के सुझाव के साथ सांसदों के चुनाव प्रचार में सक्रिय नहीं होने का मुद्दा भी उठा। संतोष ने साफ कहा कि प्रत्याशी कितना भी कमजोर हो, पार्टी को अंतिम समय तक उसी के साथ खड़े रहकर उसे जिताने का प्रयास करना है।

जयपुर। राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने शुक्रवार को जयपुर स्थित प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ मैराथन बैठक की। बैठक में कमजोर प्रत्याशियों को लेकर पार्टी की रणनीति और चुनाव में नेताओं की सक्रियता समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान एक नेता ने सुझाव दिया कि जिन वार्डों में बीजेपी प्रत्याशी कमजोर है और कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला है, वहां निर्दलीय प्रत्याशी को साधने की कोशिश अभी से शुरू कर देनी चाहिए। इस पर बीएल संतोष ने स्पष्ट संदेश दिया कि बीजेपी का प्रत्याशी कितना भी कमजोर क्यों न हो, पार्टी को आखिरी समय तक उसी के साथ खड़े रहकर उसे जिताने का प्रयास करना है।

निर्दलीय को साधने के सुझाव पर संतोष का दो टूक जवाब

बैठक में चुनावी फीडबैक के दौरान सुझाव दिया गया कि कुछ सीटों पर बीजेपी प्रत्याशी की स्थिति कमजोर है। ऐसे में यदि कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच सीधा मुकाबला है तो निर्दलीय को साधने से भविष्य में बोर्ड बनाने में पार्टी को फायदा मिल सकता है। इस सुझाव पर बीएल संतोष ने नेताओं को पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में पूरी ताकत लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी कमजोर होने के बावजूद पार्टी को उसका साथ नहीं छोड़ना है और अंतिम समय तक उसे जिताने का प्रयास करना है।

सांसदों के सक्रिय नहीं होने का मुद्दा भी उठा

बैठक में एक वरिष्ठ नेता ने निकाय चुनाव में सांसदों की सक्रियता को लेकर भी सवाल उठाया। शेखावाटी क्षेत्र से आने वाले इस नेता ने फीडबैक में कहा कि निकाय चुनाव में सांसद पूरी सक्रियता से चुनावी मैदान में नहीं जुटे हैं। इस पर बीएल संतोष ने कहा कि पार्टी का कोई भी नेता हो, उसे चुनाव में सक्रियता से काम करना होगा। उन्होंने सभी नेताओं को अपने निर्वाचन क्षेत्र और प्रभाव वाले क्षेत्रों में सक्रिय होकर चुनाव अभियान में जुटने के निर्देश दिए।

बीएल संतोष की मैराथन बैठकें

बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे प्रदेश बीजेपी कार्यालय पहुंचे। इसके बाद उन्होंने निकाय चुनाव से जुड़े नेताओं और केंद्रीय नेतृत्व की ओर से राजस्थान भेजे गए नेताओं से लगातार फीडबैक लिया। चुनाव संचालन समिति की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, निकाय चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहे केंद्रीय नेता और चुनाव संचालन समिति से जुड़े अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक दोपहर करीब 2 बजे समाप्त हुई।

शाम को मीडिया और सोशल मीडिया टीम के साथ बैठक

बीएल संतोष शाम 4 बजे से मीडिया, आईटी और सोशल मीडिया से जुड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें निकाय चुनाव के दौरान डिजिटल प्रचार और पार्टी के संदेश को ज्यादा प्रभावी तरीके से मतदाताओं तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। इसके बाद शाम 6 बजे से रात 8 बजे के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें निकाय चुनाव की तैयारियों, रणनीति और जमीनी स्थिति पर मंथन किया जाएगा।

पार्टी प्रत्याशियों के लिए साफ संदेश

बीएल संतोष की बैठक से बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया गया है कि निकाय चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को कमजोर मानकर विकल्प तलाशने के बजाय उनके पक्ष में पूरी ताकत लगाई जाए। सांसदों और अन्य वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता पर उठे सवाल के बीच अब पार्टी नेतृत्व ने सभी नेताओं को अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में चुनाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image