Monday, July 27, 2026
HomeIndiaकारगिल विजय दिवस: भाजपा युवा मोर्चा राजस्थान ने 'शेरशाह' फिल्म के सामूहिक...

कारगिल विजय दिवस: भाजपा युवा मोर्चा राजस्थान ने ‘शेरशाह’ फिल्म के सामूहिक प्रदर्शन से वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस पर भाजपा युवा मोर्चा राजस्थान ने जयपुर में कैंडल मार्च निकालकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कैप्टन विक्रम बत्रा पर आधारित फिल्म 'शेरशाह' का सामूहिक प्रदर्शन आयोजित किया।

जयपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) राजस्थान ने परमवीर चक्र विजेता अमर वीर कैप्टन विक्रम बत्रा के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए फिल्म ‘शेरशाह’ का सामूहिक प्रदर्शन आयोजित किया। यह कार्यक्रम भाजपा युवा मोर्चा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

अमर जवान ज्योति पर कैंडल मार्च, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत जयपुर स्थित अमर जवान ज्योति पर कैंडल मार्च और श्रद्धांजलि सभा से हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा और मोमबत्तियां लेकर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित युवाओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

‘शेरशाह’ फिल्म के जरिए युवाओं को दिखाई कैप्टन विक्रम बत्रा की वीरगाथा

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद आयोजित सामूहिक प्रदर्शन में युवाओं ने फिल्म ‘शेरशाह’ देखी। फिल्म के माध्यम से परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण की प्रेरणादायक गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

शंकर गोरा बोले-कारगिल विजय दिवस केवल जीत नहीं, वीरों के बलिदान का स्मरण है

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक सैन्य विजय का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारत के वीर सैनिकों के अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान का गौरवपूर्ण स्मरण भी है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रेरक गाथाएं युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देशसेवा की भावना को मजबूत करती हैं तथा नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।

बड़ी संख्या में युवा और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र-युवा और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान से जोड़ते हुए उनमें राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की भावना को और अधिक प्रबल बनाना रहा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image