Sunday, August 16, 2026
HomeLatest NewsIND vs ZIM : वैभव सूर्यवंशी के 81 रन की पारी, मयंक...

IND vs ZIM : वैभव सूर्यवंशी के 81 रन की पारी, मयंक यादव की घातक गेंदबाजी से भारत ने 3-0 से जीती टी20 सीरीज

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की 81 रन की शानदार पारी और मयंक यादव के तीन विकेट की बदौलत भारत ने तीसरे टी20 में जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर सीरीज 3-0 से जीत ली। भारत ने 192 रन बनाए, जबकि जिम्बाब्वे 157/7 तक ही पहुंच सकी।

Ind vs ZIM : भारत ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की परिस्थितियों के अनुरूप खेली गई 81 रन की शानदार पारी और तेज गेंदबाज मयंक यादव (29 रन देकर तीन विकेट) की अगुआई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन बदौलत रविवार को यहां तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर श्रृंखला 3-0 से अपने नाम की। इंग्लैंड से 0-4 से और आयरलैंड से 0-2 से श्रृंखला गंवाने के बाद यह भारत की शानदार वापसी रही।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद भारत को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में थोड़ी मुश्किल पिच का सामना करना पड़ा लेकिन सूर्यवंशी ने अपनी 49 गेंदों की संयमित पारी के दौरान अपनी बल्लेबाजी का एक अलग ही अंदाज दिखाया जिसमें आठ चौके और चार छक्के जड़े थे। इससे भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को धीमी पिच पर बेहद संयमित बल्लेबाजी की जरूरत थी, लेकिन उसके बल्लेबाज ऐसा नहीं कर सके और टीम सात विकेट पर 157 रन ही बना सकी। रेयान बर्ल ने नाबाद 54 रन की जुझारू पारी खेली लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

पिछले मैचों की तरह इस मुकाबले में भी जिम्बाब्वे ने शुरुआती ओवरों में कई विकेट गंवा दिए और पावरप्ले का फायदा उठाने में नाकाम रही। तेज गेंदबाज यश ठाकुर (45 रन देकर दो विकेट) ने चौथे ओवर में लगातार दो गेंदों पर डियोन मायर्स और कप्तान सिकंदर रजा को आउट कर मेजबान टीम का स्कोर तीन विकेट पर 34 रन कर दिया। मयंक ने अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ का शानदार प्रदर्शन करते हुए पारी की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को पवेलियन भेज दिया जिससे जिम्बाब्वे शुरुआत से ही दबाव में आ गया। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों ने खराब क्षेत्ररक्षण करते हुए चार कैच छोड़े और कुछ बाउंड्री भी दीं। बर्ल ने भरोसेमंद पारी खेली और पांचवें विकेट के लिए वेस्ले माधेवेरे (28) के साथ 60 रन की अच्छी साझेदारी की।

जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों ने मैदान के चारों ओर कुछ जोरदार शॉट खेले, लेकिन शुरुआती नुकसान की भरपाई करना मुश्किल था। इससे पहले सूर्यवंशी ने धीमी शुरुआत करते हुए पहली 10 गेंदों पर सिर्फ 11 रन बनाए। फिर अगली 10 गेंदों पर 15 रन और आखिरकार उन्होंने 31 गेंद में अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। उम्मीद के अनुरूप सूर्यवंशी की पारी में कुछ शानदार शॉट्स भी देखने को मिले। उन्होंने ब्रैड इवांस (41 रन देकर दो विकेट) की यॉर्कर पर चौका और फिर ऑफ-स्पिनर सिकंदर रजा (40 रन देकर एक विकेट) की गेंद पर 102 मीटर लंबा छक्का जड़ा।

ऐसा पल भी आया जब उन्होंने स्पिनर वेस्ले माधेवेरे की गेंद पर रिवर्स स्वीप करके बाउंड्री लगाई। लेकिन कुल मिलाकर उनकी यह पारी संयम भरी थी। लेकिन दूसरी ओर उनके सलामी जोड़ीदार अभिषेक शर्मा लगातार छठी बार खराब स्कोर पर आउट हो गए। तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर तादिवानाशे मारुमणी के हाथों में चली गई। अब अभिषेक की पिछली छह पारियों का स्कोर 10, 16, 3, 1, 8, 2 है। यह सिलसिला पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से शुरू हुआ था।

लेकिन सूर्यवंशी ने काफी परिपक्वता दिखाई और दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन (29) के साथ 75 रन की साझेदारी की। उसके बाद उन्होंने अगले विकेट के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर (27) के साथ 50 रन की साझेदारी की। हालांकि सूर्यवंशी शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए। माधेवेरे की गेंद पर लांग ऑफ पर इवांस ने उनका कैच लपका। सूर्यवंशी और श्रेयस के आउट होने के बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों को रन गति बढ़ाने में संघर्ष करना पड़ा जिससे अंतिम पांच ओवरों में 47 रन ही बने। रिंकू सिंह की 14 गेंद में 25 रन की छोटी लेकिन तेज पारी से भारत 200 के स्कोर के करीब पहुंचा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image